राज्य
20-May-2026
...


- मालिक ने साले के साथ मिलकर साजिश की जताई आशंका - लावारिस मिली कार, पत्नी से पूछताछ जारी धनबाद (ईएमएस)। कुमारधुबी बाजार स्थित मदन लाल अग्रवाल ज्वेलर्स का एक विश्वस्त कर्मचारी 80 लाख रुपये मूल्य का गोल्ड बार (सोने के बिस्कुट) लेकर रहस्यमय ढंग से फरार हो गया है। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया है। यह वाकया 17 मई का बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुकान के मालिक पीयूष अग्रवाल ने कुमारधुबी ओपी में लिखित शिकायत देकर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ज्वेलर्स दुकान का कर्मचारी राणा चटर्जी शनिवार दोपहर करीब 12 बजे कार से सोने की शुद्धता की जांच कराने के लिए धनबाद के बैंक मोड़ स्थित एक सेंटर के लिए निकला था। करीब एक घंटे बाद वह बैंक मोड़ पहुंचा, लेकिन संबंधित सेंटर बंद होने के कारण उसने दुकान मालिक को फोन कर वापस लौटने की बात कही। हालांकि, धनबाद से निकलने के बाद भी वह देर शाम तक कुमारधुबी स्थित ज्वेलर्स दुकान नहीं पहुंचा। शाम करीब पांच बजे जब उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उसका फोन स्विच ऑफ मिला। दुकान मालिक पीयूष अग्रवाल ने बताया कि जब दो दिनों तक राणा का कुछ पता नहीं चला, तो उन्होंने पश्चिम बंगाल के कुल्टी स्थित उसके पैतृक घर पर भी तलाश की, लेकिन वह वहां भी नहीं मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि उसके परिवार ने भी पुलिस में कोई गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई। इस बीच, कार में लगे जीपीएस ट्रैकर से पता चला कि गाड़ी धनबाद के बैंक मोड़ इलाके में दो दिनों से लावारिस खड़ी थी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर राणा चटर्जी कार पार्क करके हाथ में बैग लिए उतरता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। दुकान मालिक ने आशंका जताई है कि राणा चटर्जी ने अपने साले के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया है। राणा का ससुराल पंचेत में है। पुलिस की प्रारंभिक तकनीकी जांच में पता चला है कि फोन स्विच ऑफ होने से ठीक पहले राणा की अंतिम लोकेशन पश्चिम बंगाल के कल्याणेश्वरी क्षेत्र में थी। मामले के जांच अधिकारी कोलेश्वर उरांव ने आरोपी की पत्नी को थाने बुलाकर पूछताछ की है। पत्नी ने बताया कि घटना के दिन दोपहर 12:30 बजे उसकी पति से आखिरी बार बात हुई थी, लेकिन उसने इस ठगी की जानकारी होने से साफ इनकार किया है। फिलहाल पुलिस अपहरण और सुनियोजित साजिश, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। - ईएमएस 20 मई 2026