राज्य
20-May-2026
...


- अब शहर के बाहर ही रुकेंगी निजी बसें मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई महानगरपालिका ने मुंबई की बढ़ती ट्रैफिक समस्या को कम करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुंबई में प्रवेश करने वाली प्राइवेट ट्रैवल्स और इंटरस्टेट बसों पर नियंत्रण के लिए मनपा ने 1,232 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। इसके तहत अब बाहरी राज्यों से आने वाली निजी बसों को शहर के अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा और उन्हें दहिसर में ही रोका जाएगा। बताया गया है कि दहिसर के पुराने ऑक्ट्रॉय नाका क्षेत्र में करीब 18,604 वर्ग मीटर जमीन पर एक आधुनिक ट्रांसपोर्ट और कमर्शियल हब बनाया जाएगा। यहां एक साथ 450 इंटरस्टेट बसों की पार्किंग की व्यवस्था होगी। साथ ही 1,400 निजी कारों के लिए मल्टी-लेवल पार्किंग बनाई जाएगी। फिलहाल गुजरात, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर भारत से आने वाली हजारों बसें मुंबई के बोरिवली, कांदिवली, अंधेरी और बांद्रा जैसे इलाकों में सड़कों के किनारे या फ्लाईओवर के नीचे खड़ी होती हैं। यात्रियों को चढ़ाने-उतारने के दौरान ये बसें ट्रैफिक को और धीमा कर देती हैं, जिससे वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, एसवी रोड और लिंक रोड पर भारी जाम लगता है। इस नए हब में यात्रियों और ड्राइवरों के लिए थ्री-स्टार होटल, डॉर्मिटरी, फूड कोर्ट, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल, बैंक्वेट हॉल और डिजिटल वेटिंग लाउंज जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। * क्या होगा फायदा? - इससे वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव 50 प्रतिशत तक कम हो सकता है। - बोरिवली से बांद्रा के बीच यात्रा का समय घटेगा। - शहर में डीजल बसों की संख्या कम होने से वायु और ध्वनि प्रदूषण घटेगा। - पार्किंग, होटल और मॉल से बीएमसी को हर साल करोड़ों रुपये का राजस्व मिलेगा। * मेट्रो और बस से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी यात्रियों की सुविधा के लिए इस हब को मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा। यहां से लोग मेट्रो, बेस्ट बस, टैक्सी और ऑटो के जरिए मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में जा सकेंगे। यह हब मुंबई मेट्रो लाइन 7 और लाइन 9 के इंटरचेंज स्टेशन से सीधे जुड़ा रहेगा। - २० मई/२०२६/ईएमएस