राष्ट्रीय
20-May-2026


-बलिया के सत्यम से ज्ञानेंद्र ने 1 मई को 50 हजार रुपए में खरीदी थी कार बलिया,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या में इस्तेमाल हुई कार का कनेक्शन यूपी के बलिया से जुड़ गया है। हत्या में इस्तेमाल निशान माइक्रा कार बलिया से खरीदी गई थी। सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राज सिंह के साथी और कॉन्ट्रैक्ट किलर ज्ञानेंद्र सिंह मोनू ने यह कार खरीदी थी। बलिया के ही सत्यम सिंह से ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मन्नू ने 1 मई को 50 हजार रुपये में यह कार खरीदी थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बलिया के बांसडीह रोड के फुलवरिया गांव के रहने वाले सत्यम सिंह के पिता जितेंद्र सिंह ने कार का राज खोला और मीडिया को बताया कि उसने अक्टूबर महीने में उन्हीं के गांव के रहने वाले मिठू उर्फ दीपक ने यह कार उन्हें 35 हजार रुपए में दिलवाई थी फिर उसी कार को मिठू ने ही हिस्ट्रिशीटर ज्ञानेंद्र उर्फ मोनू को 50 हजार रुपए में 1 मई को दिलवा दी। कार के मालिक रहे जितेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें नहीं पता था कि वह मोनू एक अपराधी है। उन लोगों ने कार खरीदने के बाद नाम ट्रांसफर करने की बात कहने पर कहा कि पहले गाड़ी बनवा लें फिर नाम ट्रांसफर करवा लेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक जितेंद्र सिंह ने कहा उसी सिलसिले में सीबीआई की टीम उनके घर पूछताछ करने आई थी कि गाड़ी किसे और कब बेची। मोनू को इस गैंग का सरगना बताया जा रहा है, जिसके घर सीबीआई की टीम ने छापेमारी की है लेकिन वह फरार है, जिसका लाइव वीडियो भी सामने आया है तो वहीं इसी हत्याकांड में मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार राजकुमार सिंह इसी मोनू के गैंग का सदस्य है। दोनों की एक साथ की तस्वीरें भी सामने आई हैं। चंद्रनाथ रथ मर्डर मामले का यूपी के पूर्वांचल से कनेक्शन खुलकर सामने आ रहा है। सीबीआई और एसटीएफ टीम की छापे की यह लाइव तस्वीरे बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के शीतल दवनी गांव की है। ज्ञानेंद्र एक कॉन्ट्रैक्ट किलर है। इसपर हत्या समेत कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। मोनू गैंग का सरगना बताया जा रहा है। इसने कार खरीदी थी, जिसे चंद्रनाथ रथ के हत्या में इस्तेमाल बताया गया था। मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार राजकुमार उर्फ राज सिंह भी ज्ञानेंद्र गैंग का ही सदस्य है। सूत्र बताते हैं कि हत्या के बाद गाड़ी में जो तीन शख्श दिखाई दे रहे हैं वह तीनों बलिया के ही रहने वाले हैं। गैंग का सरगना ज्ञानेंद्र उर्फ मन्नू जो सीबीआई के पकड़ से अभी दूर है तो दूसरा राजकुमार उर्फ राज जिसे सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है वहीं तीसरा शख्स बलिया का ही गोलू उर्फ टाइगर है, जिसके यहां भी सीबीआई एसटीएफ ने छापा मारा था जो अभी फरार चल रहा है। सिराज/ईएमएस 20मई26