-रेलवे स्टेशन पर बुलाकर कर दी हत्या, पहचान छिपाने सिर पत्थर से कुचला लखनऊ,(ईएमएस)। यूपी के लखनऊ में एमएनसी कर्मचारी शिवानी सिंह (22) की हत्या मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी प्रेम कुमार मांझी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक शिवानी की हत्या उसकी सगाई के महज चार दिन बाद कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक शिवानी 17 मई को घर से ऑफिस के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। अगले दिन रात 8 बजे वृंदावन योजना स्थित उत्रेटिया रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में उसकी लाश मिली थी। राहगीरों ने उसकी लाश देखकर पुलिस को सूचना दी। तो वहीं मृतका के शरीर पर कई चोटों के निशान भी पाए गए थे। मीडिया रिपोर्ट में डीसीपी साउथ जोन ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और शिवानी की कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की। इसमें सामने आया कि गायब होने से पहले शिवानी को उसके कथित प्रेमी प्रेम कुमार मांझी का फोन आया था। कॉल और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पुलिस पूछताछ में पता चला कि शिवानी की 14 मई को प्रकाश से सगाई हुई थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। वहीं आरोपी प्रेम कुमार पिछले करीब छह सालों से शिवानी के संपर्क में था और उसकी सगाई से नाराज था। पुलिस ने बताया कि 17 मई की रात प्रेमी प्रेमकुमार ने शिवानी को मिलने के लिए रेलवे स्टेशन के पास सुनसान इलाके में बुलाया। वहां दोनों के बीच सगाई और रिश्ते को लेकर कहासुनी हुई। इस दौरान आरोपी ने रबर पाइप से शिवानी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शव को झाड़ियों में घसीटकर ले गया और पहचान छिपाने के लिए पत्थर से सिर कुचल दिया। इसके बाद उसने सबूत मिटाने के लिए शिवानी का मोबाइल नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी प्रेम कुमार मांझी को गिरफ्तार करके उसके खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है। सिराज/ईएमएस 20मई26