राष्ट्रीय
20-May-2026


-खुदी जमीन देख ग्रामीणों को हुआ शक, पुलिस के सामने पिता ने खोला राज अलीगढ़,(ईएमएस)। यूपी के अलीगढ़ जिले के जरारा गांव में 19 साल की युवती की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पिता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि घटना के बाद पिता ने सबूत छिपाने की कोशिश में बेटी के शव को खेत में ले जाकर मिट्टी में दबा दिया था। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब खेत की ओर गए कुछ ग्रामीणों की नजर खोदी गई मिट्टी पर पड़ी। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और पिता से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी पिता ने बताया कि उसकी बेटी पड़ोस में रहने वाले अपनी ही बिरादरी के एक युवक से बातचीत करती थी। इसे लेकर वह लंबे समय से नाराज था और उसने कई बार बेटी को समझाने की कोशिश की। गुस्से में आकर उसने बेटी की हत्या कर दी और बाद में शव को खेत में गड्ढा खोदकर गाड़ दिया। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिराज/ईएमएस 20मई26