दावा: प्रयास करने के बाद भी रिकवरी नहीं हुई नई दिल्ली,(ईएमएस)। कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि उनका पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा कर बताया कि वे अपने निजी अकाउंट को एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं। दीपके के मुताबिक, उन्होंने मेटा की रिकवरी प्रक्रिया के जरिए कई बार अपना अकाउंट वापस पाने की कोशिश की, लेकिन हर बार असफल रहे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी के बढ़ते प्रभाव के बीच उनके बैकअप इंस्टाग्राम अकाउंट को भी कुछ समय के लिए हटा दिया गया था, जिसे हालांकि बाद में दोबारा शुरू कर दिया गया। गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम अकाउंट इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शुरुआत के महज कुछ ही दिनों के भीतर इस अकाउंट ने करोड़ों की संख्या में फॉलोअर्स हासिल कर लिए हैं। अकाउंट शुरू होने के छठे दिन यानी शनिवार तक इस पर फॉलोअर्स की संख्या 2.17 करोड़ के पार पहुंच चुकी है। इस अकाउंट ने अपनी शुरुआत के चौथे दिन ही फॉलोअर्स के मामले में भाजपा और कांग्रेस जैसी बड़ी राजनीतिक पार्टियों के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट्स को भी पीछे छोड़ दिया था। हैरानी की बात यह है कि कॉकरोच जनता पार्टी के अकाउंट से अब तक सिर्फ 75 पोस्ट किए गए हैं, फिर भी इसके फॉलोअर्स का आंकड़ा 2 करोड़ के पार है। अभिजीत दीपके के कई वीडियो और उनके द्वारा रिपोस्ट किए गए कंटेंट पर इस समय लाखों की संख्या में व्यूज आ रहे हैं। इस अभूतपूर्व लोकप्रियता के बीच ही अब उनके पर्सनल अकाउंट के हैक होने की बात सामने आई है। वीरेंद्र/ईएमएस/23मई 2026