राष्ट्रीय
23-May-2026
...


बिहार से केरल तक बारिश का अलर्ट नई दिल्ली(ईएमएस)। देश के कई हिस्सों में जहाँ भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है, वहीं दूसरी ओर मॉनसून की रफ्तार बढ़ने से कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। इसकी वजह से देश के कम से कम 15 राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून की सक्रियता के कारण केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा बिहार और झारखंड में भी बारिश का अलर्ट है। बिहार में 23 मई को कई स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 24 और 25 मई को दरभंगा, गया, मधुबनी, पूर्णिया और भागलपुर जैसे जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। पहाड़ी इलाकों की बात करें तो उत्तराखंड के हरिद्वार, चमोली, उत्तरकाशी और हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली व कुल्लू में भी हल्की बारिश की उम्मीद है। दूसरी तरफ, उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों को फिलहाल चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भीषण हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी है। इन राज्यों में शनिवार और रविवार को पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। दिल्ली में 25 मई तक के लिए लू की चेतावनी दी गई है, जहां 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश में 28 मई तक भयंकर लू चलने का अनुमान है। राज्य के कानपुर, इटावा, फतेहपुर, कन्नौज, मिर्जापुर और बांदा जैसे क्षेत्रों में तापमान 46 डिग्री के आसपास बना रहेगा। वहीं ओडिशा में भी गर्मी और उमस का प्रकोप जारी है, जहां इस महीने लू के कारण तीन लोगों की मौत हो चुकी है। ओडिशा के 30 में से 26 जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है, जिसके तहत झारसुगुड़ा, संबलपुर और बोलंगीर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के अमृतसर और पठानकोट में 23 मई को मामूली राहत मिल सकती है, लेकिन लुधियाना, पटियाला और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में गर्म हवाओं का दौर जारी रहेगा। वीरेंद्र/ईएमएस/23मई 2026