मुंबई (ईएमएस)। साउथ के अभिनेता रामचरण ने अभिनेत्री जान्हवी कपूर को “छुपा रुस्तम” बताते हुए कहा कि अभिनेत्री ने फिल्म ‘पेड्डी’ के लिए जिस तरह खामोशी से तैयारी की और अपने अभिनय से सभी को चौंकाया, वह बेहद प्रभावशाली है। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अभिनेता राम चरण ने अपनी सह-कलाकार जान्हवी कपूर की जमकर सराहना की। फिल्म ‘पेड्डी’ में जान्हवी कपूर एक अलग अंदाज में दिखाई देने वाली हैं। उनका यह नया अवतार पहले ही दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर चुका है। ट्रेलर लॉन्च के दौरान राम चरण ने बताया कि फिल्म की टीम करीब 85 दिनों से लगातार शूटिंग में व्यस्त थी और इसके बाद एक खास गाने की शूटिंग की गई। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद गाने की तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं मिला, लेकिन जान्हवी ने शानदार प्रदर्शन कर सभी को हैरान कर दिया। राम चरण ने कहा, “वह आईं और मुझसे सौ गुना बेहतर कर गईं।” अभिनेता की इस टिप्पणी ने इवेंट में मौजूद लोगों के बीच खूब तालियां बटोरीं। उन्होंने बताया कि जान्हवी ने बिना किसी शोर-शराबे के मुंबई में लगातार अभ्यास किया और अपने किरदार को बेहतर बनाने के लिए कड़ी मेहनत करती रहीं। जान्हवी कपूर की मेहनत और समर्पण की तारीफ करते हुए राम चरण ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में इतना मेहनती कलाकार बहुत कम देखा है। उनके मुताबिक, जान्हवी ने फिल्म के हर दृश्य और हर भाव को पूरी ईमानदारी से निभाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि ‘पेड्डी’ जैसी फिल्म किसी भी कलाकार से पूरी लगन, धैर्य और समर्पण की मांग करती है और जान्हवी इस कसौटी पर पूरी तरह खरी उतरी हैं। इवेंट के दौरान राम चरण कुछ भावुक भी नजर आए। उन्होंने अपने पिता और दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी से जुड़ी पुरानी यादों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता और श्रीदेवी ने अतीत में साथ काम किया था और अब जान्हवी के साथ स्क्रीन साझा करना उनके लिए भावनात्मक अनुभव रहा है। राम चरण ने अंत में दर्शकों को भरोसा दिलाया कि उनकी और जान्हवी कपूर की नई ऑनस्क्रीन जोड़ी लोगों को पसंद आएगी। उन्होंने कहा कि फिल्म में दोनों की केमिस्ट्री काफी खास है और दर्शकों को इसमें मनोरंजन के साथ भावनात्मक जुड़ाव भी देखने को मिलेगा। राम चरण की बातों के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है। सुदामा/ईएमएस 24 मई 2026