मुंबई (ईएमएस)। कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपने शानदार अंदाज को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी चर्चा में हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर अभिनेत्री ने अपना नया लुक साझा किया, जिसके साथ उन्होंने आधुनिक भारतीय महिला की पहचान और उसके आत्मविश्वास को लेकर दिल छू लेने वाली बात कही। प्रशंसक उनके विचारों की जमकर सराहना कर रहे हैं। हुमा कुरैशी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह ब्लैक रंग के बेहद आकर्षक वनपीस आउटफिट में नजर आईं। कान्स में उनके इस ग्लैमरस और आत्मविश्वास से भरे अंदाज ने सभी का ध्यान खींचा। हालांकि सिर्फ उनका लुक ही नहीं, बल्कि पोस्ट के साथ लिखा गया उनका संदेश भी लोगों को काफी प्रेरित कर रहा है। अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनके लिए आधुनिक भारतीय महिला होने का अर्थ परफेक्ट होना नहीं है, बल्कि अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहते हुए मेहनत के दम पर दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाना है। उन्होंने कहा कि असली खूबी खुद को बदले बिना आगे बढ़ने और अपनी पहचान कायम रखने में है। हुमा ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जिंदगी में आने वाली मुश्किलों से डरना नहीं चाहिए, बल्कि उन्हें अपनी ताकत बनाना चाहिए। उन्होंने लिखा कि हर महिला को अपने सपनों को खुलकर और पूरे आत्मविश्वास के साथ जीना चाहिए। अभिनेत्री के अनुसार जब कोई महिला जीवन में ऊंचे मुकाम तक पहुंचे, तो उसके भीतर यह विश्वास होना चाहिए कि वह वहां केवल किस्मत से नहीं, बल्कि अपनी मेहनत और संघर्ष के दम पर पहुंची है। उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं को हमेशा सच्चाई, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ अपनी जिंदगी जीनी चाहिए। जीवन में आने वाले हर नए मोड़ को खास बनाना ही असली सफलता है। पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “फिर मिलेंगे कान्स में।” वर्क फ्रंट की बात करें तो हुमा कुरैशी जल्द ही फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में नजर आने वाली हैं। यह एक पीरियड गैंगस्टर ड्रामा फिल्म है, जिसमें वह ‘एलिजाबेथ’ नाम का अहम किरदार निभा रही हैं। गीतु मोहनदास के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में उनका लुक बेहद शाही और रहस्यमयी बताया जा रहा है। फिल्म की कहानी 1940 से 1970 के दशक के गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें अपराध जगत, ड्रग तस्करी और सत्ता की लड़ाई को दिखाया जाएगा। सुदामा/ईएमएस 24 मई 2026