मनोरंजन
24-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। अपने हिंदी म्यूजिकल कॉमेडी-ड्रामा थिएटर शो ‘जाने पहचाने अनजाने’ को लेकर अभिनेता अनुपम खेर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। अनुपम खेर का यह नाटक दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें हंसाने और सोचने पर भी मजबूर कर रहा है। इस नाटक को देखने के बाद अभिनेता राजपाल यादव ने इसकी खुलकर तारीफ की। अभिनेता अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें राजपाल यादव नाटक और उससे जुड़े कलाकारों की प्रशंसा करते नजर आ रहे हैं। राजपाल यादव ने कहा कि यह कहानी सिर्फ एक परिवार की नहीं बल्कि लगभग हर घर की कहानी है। उनके मुताबिक इंसान जीवन में चाहे कितनी भी सफलता हासिल कर ले, आखिर में रिश्ते, अपनापन और आपसी समझ ही सबसे ज्यादा मायने रखते हैं। उन्होंने कहा कि नाटक बेहद खूबसूरती से जिंदगी की सच्चाइयों को दर्शाता है और दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ देता है। राजपाल यादव ने अनुपम खेर के अभिनय की जमकर सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मंच पर शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अभिनेत्री स्वरूप संपत के अभिनय को भी प्रभावशाली बताया। इसके साथ ही अभिनेत्री मेघना मलिक की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि वह प्रतिभा का खजाना हैं। राजपाल के अनुसार नाटक के सभी कलाकारों ने मिलकर जीवन की असली तस्वीर को बेहद सहज और दिल छू लेने वाले अंदाज में मंच पर प्रस्तुत किया है। इस दौरान राजपाल यादव ने मजाकिया अंदाज में अनुपम खेर के व्यक्तित्व की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर उनके सिर पर बाल न होने को लेकर बातें करते हैं, लेकिन अगर बालों को मौका मिलता तो उन्हें इस बात का अफसोस होता कि वे अनुपम खेर के सिर पर क्यों नहीं हैं। उनके इस मजेदार अंदाज ने वहां मौजूद लोगों को खूब हंसाया। राजपाल यादव के इस स्नेहभरे संदेश से भावुक हुए अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि किसी कलाकार के लिए इससे बड़ा सम्मान कुछ नहीं हो सकता कि उसका काम दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ भावुक भी कर दे। अनुपम खेर ने कहा कि राजपाल के शब्द उनके लिए बेहद खास हैं और वह दिल से उनके आभारी हैं। अनुपम खेर ने आगे लिखा कि ईश्वर राजपाल यादव को हमेशा स्वस्थ और खुश रखे तथा उन्हें इसी तरह लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने की ताकत देता रहे। सुदामा/ईएमएस 24 मई 2026