मुंबई (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी के नामों को जोड़कर बनाया गया मजेदार ‘मेलोडी’ ट्रेंड में अब अभिनेत्री कृति खरबंदा भी शामिल हो गई हैं। अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अभिनेत्री ने हाल ही में कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिसमें उनकी ड्रेस का रंग मशहूर ‘मेलोडी’ टॉफी से मिलता-जुलता दिखाई दिया। इसके बाद अभिनेत्री ने मजाकिया अंदाज में ऐसा कैप्शन लिखा जिसने इंटरनेट यूजर्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कृति खरबंदा ने तस्वीरों के साथ लिखा, “ये मेलोडी इतनी चॉकलेटी क्यों है?” अभिनेत्री का यह कैप्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। उनके प्रशंसकों ने पोस्ट पर जमकर प्रतिक्रिया दी और कमेंट सेक्शन में मजेदार टिप्पणियां भी देखने को मिलीं। कई यूजर्स ने इसे मौजूदा ट्रेंड से जोड़ते हुए बेहद क्रिएटिव बताया। दरअसल, ‘मेलोडी’ शब्द इन दिनों सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के बीच होने वाली दोस्ताना बातचीत और हल्के-फुल्के पलों को लेकर काफी इस्तेमाल किया जा रहा है। यह ट्रेंड उस समय और ज्यादा चर्चा में आया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली यात्रा के दौरान जियोर्जिया मेलोनी को भारत की लोकप्रिय ‘मेलोडी’ टॉफी उपहार में दी थी। इस खास तोहफे को लेकर जियोर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद किया था और अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो भी साझा किया था। वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर ‘मेलोडी’ ट्रेंड तेजी से फैल गया और लोगों ने इसे लेकर कई मीम्स और मजेदार पोस्ट बनाना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर यह ट्रेंड केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे भारत और इटली के बीच मजबूत होते कूटनीतिक और व्यापारिक संबंधों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। दोनों देशों के नेताओं की सहज बातचीत और दोस्ताना व्यवहार को लोगों ने काफी पसंद किया है। वर्कफ्रंट की बात करें तो कृति खरबंदा हाल ही में हाउसफुल 5 में नजर आई थीं। इस फिल्म का निर्देशन तरुण मनसुखानी ने किया है। फिल्म में अक्षय कुमार, रितेष देशमुख, अभिषेक बच्चन, संजय दत्त और नाना पाटेकर समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए हैं। सुदामा/ईएमएस 24 मई 2026