मुंबई (ईएमएस)। हाल ही रिलीज हुई वेब सीरीज ‘इंस्पेक्टर अविनाश’ का दूसरा सीजन लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस वेब सीरीज में अभिनेत्री आकांक्षा पुरी ने ‘मीतू पंजाबी’ नाम की एक महिला का किरदार निभाया है। सोशल मीडिया पर आकांक्षा के अभिनय की जमकर सराहना हो रही है। सीरीज में उनका किरदार पहले एक डांसर का होता है, जो बाद में पुलिस की मुखबिर बन जाती है। इस जटिल और भावनात्मक भूमिका को लेकर आकांक्षा पुरी ने खुलकर अपनी बात रखी है। आकांक्षा पुरी ने कहा कि वह लंबे समय से किसी अलग और चुनौतीपूर्ण किरदार की तलाश में थीं और ‘मीतू पंजाबी’ ने उन्हें खुद को नए तरीके से प्रस्तुत करने का अवसर दिया। उन्होंने बताया कि यह किरदार निडर, मजबूत और भावनात्मक रूप से बेहद गहरा है। अभिनेत्री के मुताबिक इस भूमिका ने उन्हें अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलने का मौका दिया और एक कलाकार के रूप में खुद के मजबूत पक्ष को पहचानने में मदद की। उन्होंने कहा कि ‘मीतू पंजाबी’ का किरदार निभाने के दौरान उन्हें कई तरह की भावनाओं से गुजरना पड़ा। इस भूमिका को वास्तविक बनाने के लिए किरदार की मानसिक स्थिति और भावनाओं को गहराई से समझना जरूरी था। आकांक्षा ने माना कि इस सीरीज ने उनके अभिनय करियर में एक नया अनुभव जोड़ा है और उन्हें खुद का नया रूप तलाशने का अवसर मिला। सीरीज में अभिनेता रणदीप हुडडा मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। आकांक्षा पुरी ने उनके साथ काम करने के अनुभव को बेहद खास बताया। उन्होंने कहा कि रणदीप हुड्डा हर सीन में पूरी ईमानदारी और सच्चाई के साथ अभिनय करते हैं। उनके साथ काम करते हुए खुद भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। अभिनेत्री ने कहा कि रणदीप अपने किरदार में पूरी तरह डूब जाते हैं, जिससे सामने वाले कलाकार को भी उसी ऊर्जा और गंभीरता के साथ अभिनय करना पड़ता है। वहीं सीरीज के निर्देशक नीरज पाठक ने भी रणदीप हुड्डा की मेहनत और समर्पण की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि रणदीप के साथ काम करने के बाद अब उन्हें दूसरे कलाकारों से भी उसी स्तर की प्रतिबद्धता की उम्मीद रहने लगी है। बातचीत के दौरान नीरज पाठक ने दिवंगत अभिनेता इरफान खान को भी याद किया। सुदामा/ईएमएस 24 मई 2026