खेल
24-May-2026
...


- दुनिया के 13 महान बल्लेबाज जिसमें तीन भारतीय भी शामिल नई दिल्ली (ईएमएस)। टेस्ट क्रिकेट को खेल का सबसे कठिन और चुनौतीपूर्ण प्रारूप माना जाता है। पांच दिनों तक चलने वाले इस मुकाबले में खिलाड़ी की तकनीक, धैर्य, फिटनेस और मानसिक मजबूती की असली परीक्षा होती है। क्रिकेट इतिहास में कई महान बल्लेबाज हुए, लेकिन टेस्ट मैच के सभी पांचों दिन बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरना बेहद दुर्लभ उपलब्धि मानी जाती है। अब तक दुनिया के सिर्फ 13 बल्लेबाज ही यह अनोखा कारनामा कर पाए हैं, जिनमें भारत के तीन खिलाड़ी भी शामिल हैं। इस ऐतिहासिक सूची में सबसे पहला नाम भारत के मोटगनहल्ली जयसिम्हा का दर्ज है। उन्होंने 1960 में कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच के पांचों दिन बल्लेबाजी की थी। पहली पारी में वह नौवें नंबर पर उतरे और नाबाद लौटे, जबकि दूसरी पारी में उन्होंने शानदार 74 रन बनाए थे। इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जियोफ बॉयकॉट ने 1977 की एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नॉटिंघम टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने पहली पारी में 107 रन और दूसरी पारी में नाबाद 80 रन बनाए। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के किम ह्यूज ने 1980 के लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ पांचों दिन बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 117 और दूसरी में 84 रन बनाए। इसी मैदान पर इंग्लैंड के एलन लैम्ब ने भी वेस्टइंडीज के खतरनाक गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया। पहली पारी में कम स्कोर के बाद उन्होंने दूसरी पारी में शानदार 110 रन बनाकर इतिहास रच दिया। भारत के पूर्व ऑलराउंडर रवि शास्त्री इस उपलब्धि को हासिल करने वाले दूसरे भारतीय बने। 1984 में इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में 111 रन बनाए और दूसरी पारी में नाबाद लौटे। बाद में वेस्टइंडीज के एड्रियन ग्रिफिथ ने 1999 में न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन टेस्ट में यह कारनामा किया। इंग्लैंड के एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने 2006 में मोहाली टेस्ट में भारत के खिलाफ दोनों पारियों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए पांचों दिन क्रीज पर उपस्थिति दर्ज कराई। दक्षिण अफ्रीका के अल्विरो पीटरसन ने 2012 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 156 रन की मैराथन पारी खेलकर यह रिकॉर्ड बनाया। भारत के चेतेश्वर पुजारा इस सूची में शामिल होने वाले तीसरे भारतीय बने। 2017 में श्रीलंका के खिलाफ ईडन गार्डन्स टेस्ट में उन्होंने दोनों पारियों में उपयोगी रन बनाए और पांचों दिन बल्लेबाजी की। इंग्लैंड के रोरी बर्न्स ने 2019 एशेज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की। साल 2023 में वेस्टइंडीज के कप्तान क्रेग ब्रैथवेट और तेजनारायण चंद्रपॉल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ एक ही टेस्ट मैच में यह अनोखा रिकॉर्ड बनाया। ब्रैथवेट ने 182 रन, जबकि चंद्रपॉल ने दोहरा शतक जड़ा था। इस सूची में सबसे नया नाम ऑस्ट्रेलिया के उस्मान ख्वाजा का है, जिन्होंने 2023 एशेज के पहले टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ 141 और 65 रन की पारियां खेलकर टेस्ट क्रिकेट के पांचों दिन बल्लेबाजी करने का गौरव हासिल किया। डेविड/ईएमएस 24 मई 2026