नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय मोटरसाइकिल बाजार में रॉयल एनफील्ड अपनी पकड़ को और मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। जल्द ही रॉयल एनफील्ड नई बुलेट 650 लॉन्च करने की तैयारी में है। बाइक बढ़ती मांग को देखते हुए आंध्र प्रदेश में नया विनिर्माण कारखाना स्थापित करने की योजना पर भी काम जारी है। नई बुलेट 650 को अगले कुछ महीनों में भारतीय बाजार में उतारा जा सकता है। कंपनी ने इसकी पहली झलक पिछले वर्ष मोटरवर्स कार्यक्रम में दिखाई थी, जिसने मोटरसाइकिल प्रेमियों के बीच काफी उत्साह पैदा किया था। यह मोटरसाइकिल पारंपरिक बुलेट डिजाइन के साथ आधुनिक तकनीक का मेल होगी, जिससे इसे क्लासिक अपील और समकालीन प्रदर्शन दोनों मिलेंगे। इसमें बूंद आकार का ईंधन टैंक, गोल हेडलाइट और मजबूत धातु बॉडी जैसी क्लासिक खूबियां बरकरार रखी जाएंगी, जो बुलेट की पहचान हैं। मोटरसाइकिल में 647.95 सीसी क्षमता का दो सिलेंडर इंजन मिलेगा, जो लगभग 47 ब्रेक हॉर्स पावर और 52.3 न्यूटन मीटर टॉर्क उत्पन्न करेगा। इसके साथ छह स्पीड गियरबॉक्स दिया जाएगा, जो राइडिंग अनुभव को बेहतर बनाएगा। कंपनी ने लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए आरामदायक सीट और ऊंचे हैंडलबार भी दिए हैं, जिससे राइडर को थकान कम महसूस होगी। नई बुलेट 650 में एलईडी हेडलाइट, अर्ध डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और मोबाइल चार्जिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मिल सकती हैं, जो इसे अधिक सुविधाजनक बनाएंगी। सुरक्षा के लिए इसमें दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक और ड्यूल चैनल एबीएस मिलने की संभावना है। वहीं, कंपनी आंध्र प्रदेश के ताडा क्षेत्र में लगभग 2500 करोड़ रुपये के निवेश से नया ग्रीनफील्ड कारखाना स्थापित करने की तैयारी कर रही है। इसका उद्देश्य घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ती मांग को पूरा करना है, जिससे उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। सुदामा/ईएमएस 24 मई 2026