न्यूयार्क (ईएमएस)। लोकप्रिय टीवी शो ‘माई स्ट्रेंज एडिक्शन’ में कनाडा की रहने वाली 20 वर्षीय शैनन की ऐसी आदत दिखाई गई, जिसे सुनकर हर कोई चौंक गया। शैनन को पेट्रोल पीने की लत है और वह रोजाना कई चम्मच पेट्रोल का सेवन करती है। शो में बताया गया कि शैनन ने करीब एक साल पहले पेट्रोल के प्रति आकर्षण महसूस करना शुरू किया था। शुरुआत में वह सिर्फ पेट्रोल की गंध सूंघती थी। इसके बाद वह उंगलियों पर लगे पेट्रोल को चाटने लगी और धीरे-धीरे यह आदत इतनी बढ़ गई कि अब वह रोजाना 12 से 15 चम्मच तक पेट्रोल पी जाती है। रिपोर्ट के अनुसार, वह सालभर में लगभग 19 लीटर से ज्यादा पेट्रोल का सेवन कर लेती है। शैनन का कहना है कि पेट्रोल का स्वाद उसे मीठा, खट्टा और हल्की जलन वाला महसूस होता है। उसके मुताबिक जब वह पेट्रोल पीती है तो शरीर में झुनझुनी और जलन महसूस होती है, लेकिन इसके बावजूद वह खुद को रोक नहीं पाती। उसने बताया कि जब वह तनाव, अकेलापन या डिप्रेशन महसूस करती है, तब पेट्रोल पीने से उसे राहत मिलती है। यही वजह है कि यह आदत धीरे-धीरे उसकी मानसिक निर्भरता बन गई। इस खतरनाक लत ने उसके परिवार की चिंता बढ़ा दी है। परिवार के सदस्य उसे कई बार रोकने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन वह चोरी-छिपे पेट्रोल पी लेती है। शो में उसके परिवार ने हस्तक्षेप करते हुए उसे इलाज के लिए मनाने की कोशिश की। डॉक्टरों ने भी चेतावनी दी कि पेट्रोल पीना शरीर के लिए बेहद खतरनाक है और इससे फेफड़े, लीवर, किडनी और मस्तिष्क को स्थायी नुकसान पहुंच सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार पेट्रोल में बेंजीन, टोल्यूइन और कई जहरीले रसायन मौजूद होते हैं, जो कैंसर, नसों को नुकसान, सांस संबंधी बीमारियां और आंतरिक अंगों के फेल होने जैसी गंभीर समस्याएं पैदा कर सकते हैं। लगातार पेट्रोल पीने से मुंह में छाले, दांतों की खराबी और कई न्यूरोलॉजिकल समस्याएं भी हो सकती हैं। डॉक्टरों का कहना है कि यह आदत जानलेवा साबित हो सकती है। टीवी शो में यह भी दिखाया गया कि शैनन सुबह उठते ही सबसे पहले पेट्रोल पीती है और दिनभर कई बार इसकी चुस्कियां लेती रहती है। रात में सोने से पहले भी वह पेट्रोल का सेवन करती है। उसके मुंह से हमेशा पेट्रोल जैसी गंध आती रहती है। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह स्थिति ‘पिका डिसऑर्डर’ नामक मानसिक समस्या से जुड़ी हो सकती है। इस बीमारी में व्यक्ति मिट्टी, चॉक, साबुन या अन्य गैर-खाद्य चीजें खाने या पीने की इच्छा महसूस करता है। सुदामा/ईएमएस 24 मई 2026