24-May-2026
...


रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ा तनाव कीव(ईएमएस)। पूर्वी यूक्रेन के रूस नियंत्रित लुहांस्क क्षेत्र के स्टारोबिल्स्क शहर में एक शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज के छात्रावास (हॉस्टल) पर हुए ड्रोन हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। रूसी अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में बड़ी संख्या युवा महिलाओं की है। इस हमले के कारण छात्रावास का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया है और मलबे में अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। इसके अलावा घटना में करीब 41 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई नाबालिग भी शामिल हैं। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, पहले रॉकेट हमले में एक पुराने सैन्य अड्डे को निशाना बनाया गया था और उसके बाद ड्रोन छात्रावास से टकराए, जिससे इमारत में भीषण आग लग गई। इस घटना को लेकर रूस और यूक्रेन के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। मॉस्को ने यूक्रेन पर जानबूझकर नागरिक ठिकाने को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दावा किया है कि प्रभावित क्षेत्र में कोई मिलिट्री फैसिलिटी मौजूद नहीं थी और उन्होंने अपनी सेना को यूक्रेन के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के विकल्प तैयार करने का आदेश दिया है। दूसरी ओर, यूक्रेन की सेना ने नागरिकों को निशाना बनाने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। यूक्रेन का कहना है कि उसने इलाके में मौजूद एक विशेष ड्रोन कमांड यूनिट पर हमला किया था और उसकी सेना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों का पूरी तरह पालन करती है। इस गंभीर मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक भी बुलाई गई, जहां दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। रूस ने जहां यूक्रेन पर युद्ध अपराध का आरोप लगाया, वहीं यूक्रेन ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए घटना की स्वतंत्र जांच की मांग की। सुरक्षा परिषद में कई देशों ने घटनास्थल तक अंतरराष्ट्रीय पहुंच देने की वकालत की। संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने नागरिक ठिकानों पर होने वाले सभी प्रकार के हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। दोनों देशों के बीच जारी इस युद्ध में अब मोर्चे से दूर हवाई हमलों और बुनियादी ढांचों को निशाना बनाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यूक्रेन ने इस साल रूस के भीतर तेल प्रतिष्ठानों पर अपने हमले तेज कर दिए हैं। हाल ही में रूस के काला सागर स्थित नोवोरोसिस्क बंदरगाह के एक तेल टर्मिनल और ग्रुशोवा ऑयल डिपो पर भी यूक्रेनी ड्रोन हमले हुए, जिससे वहां आग लग गई। इसके साथ ही यूक्रेन ने रूस के पर्म क्षेत्र में एक बड़ी केमिकल फैक्ट्री को भी निशाना बनाने का दावा किया है, जबकि रूसी अधिकारियों ने ड्रोन को मार गिराने की बात कही है। वीरेंद्र/ईएमएस/24मई 2026