पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प बेलग्रेड(ईएमएस)। सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान अचानक बड़े पैमाने पर हिंसा भड़क उठी। शनिवार रात शहर में हजारों की संख्या में लोग सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे थे, लेकिन रैली के बाद हालात बेकाबू हो गए। प्रदर्शनकारी और दंगा नियंत्रण पुलिस (रायट पुलिस) के बीच हिंसक झड़पें हुईं, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को निशाना बनाते हुए उन पर जमकर पथराव किया, कई अवरोधक और चीजें फेंकी, तथा सड़कों पर रखे कूड़ेदानों को पलटकर उनमें आग लगा दी। उग्र भीड़ को तितर-बितर करने और स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। आंसू गैस के कारण पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया, जिससे वहां मौजूद लोगों और मीडियाकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सिटी सेंटर में जुटे हजारों प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुइचिच अपने पद से तुरंत इस्तीफा दें। मुख्य रूप से एक छात्र संगठन के नेतृत्व में चल रहे इस बड़े आंदोलन में युवाओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने देश में नए सिरे से निष्पक्ष चुनाव कराने और प्रशासनिक सुधारों को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे देश की वर्तमान प्रशासनिक व्यवस्था और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। 16 लोगों की मौत बनी गुस्से का कारण इस जन-आक्रोश की मुख्य वजह नवंबर 2024 में उत्तरी सर्बिया के नोवी साद शहर में हुआ एक दर्दनाक हादसा है। वहां एक रेलवे स्टेशन की कंक्रीट की छत अचानक ढह गई थी, जिसकी चपेट में आने से 16 मासूम लोगों की मौत हो गई थी। इस भयावह हादसे के बाद से ही जनता में सरकार के खिलाफ भारी गुस्सा व्याप्त है। आम लोगों और विपक्षी संगठनों का स्पष्ट आरोप है कि सरकारी भ्रष्टाचार, घटिया निर्माण और प्रशासनिक लापरवाही की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ, जिसके लिए सीधे तौर पर सरकार जिम्मेदार है। इस दुर्घटना के बाद से ही देश में लगातार असंतोष बढ़ रहा है और दिसंबर 2024 से राष्ट्रपति के इस्तीफे की मांग को लेकर देशव्यापी सरकार विरोधी प्रदर्शनों का सिलसिला जारी है, जो अब और अधिक उग्र रूप अख्तियार कर चुका है। वीरेंद्र/ईएमएस/24मई 2026