24-May-2026
...


- आदिवासी अधिकारों के मुद्दे पर बड़ा शक्ति प्रदर्शन कोरबा (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव 24 एवं 25 मई को कोरबा और कटघोरा क्षेत्र के 2 दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती देने के साथ आदिवासी अधिकारों और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेंगे। प्रवास के पहले दिन 24 मई को सिंहदेव अंबिकापुर से कटघोरा पहुंचेंगे और ग्राम पंचायत मड़ई अंतर्गत ग्राम बुका में विस्थापित आदिवासी हसदेव जलाशय संघर्ष समिति द्वारा आयोजित “जल-जंगल-जमीन पर आदिवासी अधिकारों की रक्षा हेतु राज्य स्तरीय महासम्मेलन” में शामिल होंगे। इस महासम्मेलन को आगामी राजनीतिक रणनीति और आदिवासी मुद्दों पर कांग्रेस की बड़ी ताकत के प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज, छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत एवं पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों की मौजूदगी रहने की संभावना है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, हसदेव अंचल में आदिवासी अधिकार, विस्थापन और जल-जंगल-जमीन के मुद्दों को लेकर कांग्रेस एक बार फिर जनआंदोलन की रणनीति पर काम करती दिखाई दे रही है। ऐसे में श्री सिंहदेव का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महासम्मेलन के बाद श्री सिंहदेव कटघोरा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा करेंगे। दौरे के दूसरे दिन 25 मई को वे जमनीपाली, दर्री, बालको, कोरबा, कुसमुंडा, बांकीमोंगरा एवं पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे। इसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी इसे जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक समीकरणों को साधने के प्रयास के रूप में देख रही है। - 24 मई