- माफियाओं में मचा हड़कंप कोरबा (ईएमएस) कार्यालय उप संचालक, खनि प्रशासन, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) द्वारा अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्यवाही की गई है। कलेक्टर के निर्देश एवं उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले भर में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया। इस ताबड़तोड़ कार्यवाही अंतर्गत 1 ही दिन में कुल 3 जेसीबी मशीनें और 16 ट्रैक्टर वाहन जप्त किए गए, जिससे खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार जांच के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से अवैध गतिविधियों में लिप्त वाहन पकड़े गए। ग्राम डौकागुड़ा से 1 ट्रैक्टर, विजयपुर से 2 ट्रैक्टर, सुतर्रा से 1 ट्रैक्टर तथा आमाखोखरा से ईंट से भरा 1 ट्रैक्टर जप्त किया गया। ग्राम बिंझरा में मिट्टी का अवैध उत्खनन करते हुए 2 जेसीबी मशीनें पकड़ी गईं। इसके अलावा पौड़ी क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर, डुमरकछार से मिट्टी का अवैध उत्खनन करते 2 ट्रैक्टर तथा एक जेसीबी मशीन भी जप्त की गई। सभी जप्त वाहनों को नियमानुसार कार्यवाही हेतु जिले के विभिन्न पुलिस थानों एवं खनिज जांच चौकियों में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है। यह पूरी कार्रवाई उड़नदस्ता दल प्रभारी खनि निरीक्षक मदन साहू एवं सुभाष ठाकुर के नेतृत्व में संपन्न हुई। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और राजस्व हानि को रोकना है। अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्यवाही की जा रही है। खनिज विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। - 24 मई