- भागने के चक्कर में छत से कूदा मुख्य आरोपी, टूटी हड्डी - सीएम ने दिया सख्त सजा दिलाने का भरोसा कोयंबटूर (ईएमएस)। तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में भारी विरोध प्रदर्शन हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पश्चिमी क्षेत्र की आईजी आर.वी. रम्या भारती ने बताया कि मुख्य आरोपी कार्ति एक अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर छिपा था। पुलिस से बचने के लिए उसने वहां से छलांग लगा दी, जिससे उसके दाहिने हाथ और पैर की हड्डी टूट गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, अपराध में मदद करने वाले उसके 30 वर्षीय साथी आर. मोहन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, पल्लापलायम इलाके में रहने वाली बच्ची गुरुवार शाम घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पांच टीमें गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि 33 वर्षीय पड़ोसी के. कार्ति बच्ची को बहला-फुसलाकर ले गया था। शुक्रवार शाम कन्नमपलायम झील के पास एक नारियल के बाग से बच्ची का शव बरामद हुआ। विपक्षी नेता उदयनिधि स्टालिन और अन्नाद्रमुक महासचिव ई.के. पलानीस्वामी ने घटना की कड़ी निंदा की है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने दोषियों को सख्त सजा दिलाने और महिला व बाल सुरक्षा सुनिश्चित करने का कड़ा आश्वासन दिया है। रामयश/ईएमएस 24 मई 2026