- आरोपी कोच चार साल पहले ही क्लब से जुड़ा बेंगलुरु (ईएमएस)। कांतीरवा स्टेडियम स्थित एक क्लब में बॉक्सिंग की ट्रेनिंग ले रही 17 वर्षीय छात्रा (फर्स्ट ईयर पीयूसी) के साथ यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर संपंगीरामनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 50 वर्षीय आरोपी कोच रामचंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला है। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, छात्रा पिछले 10 सालों से इस क्लब में बॉक्सिंग सीख रही है, जबकि आरोपी कोच चार साल पहले ही क्लब से जुड़ा था। आरोप है कि कोच पिछले चार सालों से ही छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार कर रहा था, लेकिन बीते पांच-छह महीनों में उसकी हरकतें काफी ज्यादा बढ़ गई थीं। मां ने बताया कि 17 मई को चेन्नई में आयोजित एक बॉक्सिंग चैंपियनशिप के दौरान कोच ने उनकी बेटी को अकेले अपने कमरे में बुलाया। विरोध करने के बावजूद उसने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें कीं। इससे पहले बेंगलुरु में भी ट्रेनिंग सेशन के दौरान ऐसी अनुचित घटनाएं हुई थीं। परिवार का कहना है कि कोच की लगातार धमकियों और डर के कारण उनकी बेटी लंबे समय तक चुप रही। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बच्चों का यौन अपराधों से संरक्षण (पॉक्सो) एक्ट और बीएनएस की धारा 351 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल, कोच रामचंद्र को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए परप्पना अग्रहारा केंद्रीय कारागार (सेंट्रल जेल) में बंद कर दिया गया है। रामयश/ईएमएस 24 मई 2026