राज्य
24-May-2026


- खुदकुशी की आशंका - कुछ लोगों द्वारा ब्लैकमेल किए जाने का आरोप कोलकाता (ईएमएस)। दक्षिण दमदम नगर पालिका के वार्ड नंबर 18 से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पार्षद संजय दास (49) का शव उनके घर में फंदे से लटकता मिला है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह पूरी तरह से आत्महत्या का मामला लग रहा है। संजय दास अपने परिवार के साथ नागेरबाजार के पास गोरक्षबासी रोड स्थित एक बहुमंजिला इमारत में रहते थे। सुबह उनके बेटे ने उन्हें फंदे से लटकता देखा। आनन-फानन में उन्हें पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों और पड़ोसियों के मुताबिक, हाल ही में उनके घर के बाहर एक बैनर लगाया गया था, जिसमें उन पर जमीन हड़पने और जबरन वसूली के आरोप थे। इस घटना के बाद से वे काफी मानसिक तनाव में चल रहे थे। टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उन्हें ब्लैकमेल कर रहे थे, जिसके कारण संजय ने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि, टीएमसी नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने स्पष्ट किया कि दास के खिलाफ कोई भी जांच या समन लंबित नहीं था। गौरतलब है कि संजय दास, बिधाननगर के नेता देबराज चक्रवर्ती के काफी करीबी माने जाते थे, जो खुद भ्रष्टाचार के आरोपों में जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। रामयश/ईएमएस 24 मई 2026