- मार्च तिमाही में 23,420 करोड़ का शुद्ध लाभ, 23 फीसदी की शानदार वृद्धि नई दिल्ली (ईएमएस)। सार्वजनिक क्षेत्र की दिग्गज बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) में वित्तीय क्षेत्र की सबसे अधिक मुनाफा कमाने वाली कंपनी बनकर उभरी है। इस दौरान कंपनी का मुनाफा 23,420 करोड़ रुपये से अधिक रहा, जिसने भारतीय स्टेट बैंक और एचडीएफसी बैंक जैसे दिग्गजों को भी पीछे छोड़ दिया। एलआईसी ने मार्च 2024 को समाप्त तिमाही में 23,420 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 19,013 करोड़ रुपये की तुलना में 23 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि है। केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में भी एलआईसी ने इस तिमाही में लाभ के मामले में पहला स्थान बरकरार रखा। तुलनात्मक रूप से, देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का लाभ 19,684 करोड़ रुपये और निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक का लाभ 19,221 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, पूरे वित्त वर्ष 2023-24 के वार्षिक लाभ के मामले में भारतीय स्टेट बैंक (80,032 करोड़ रुपये) ने एलआईसी (57,419 करोड़ रुपये) को पीछे छोड़ दिया। अन्य प्रमुख केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (11,378 करोड़ रुपये) और कोल इंडिया (10,839 करोड़ रुपये) ने भी चौथी तिमाही में शानदार लाभ दर्ज किया। कंपनी के प्रबंधन के तहत परिसंपत्तियां 31 मार्च, 2024 तक पांच प्रतिशत बढ़कर 57,29,396 करोड़ रुपये हो गईं, जबकि कुल प्रीमियम आय में 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इन मजबूत नतीजों के बाद एलआईसी के शेयर में भी उछाल देखा गया, जो 23 मई को लगभग पांच प्रतिशत बढ़कर 839 रुपये पर पहुंच गया। व्यापक कॉर्पोरेट परिदृश्य में, जनवरी-मार्च तिमाही में वोडाफोन आइडिया वैधानिक देनदारियों में राहत के कारण 51,970 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड लाभ के साथ सबसे आगे रहा, जिसके बाद रिलायंस इंडस्ट्री्ज (16,971 करोड़ रुपये) का स्थान रहा। सतीश मोरे/24मई ---