क्षेत्रीय
24-May-2026
...


कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले में नौतपा के पूर्व पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन के साथ-साथ पशु पक्षियों पर भी बड़ा असर डाला है। इसी कड़ी में नगर पंचायत पाली अंतर्गत बड़ी संख्या में चमगादड़ों की मृत्यु हो गयी हैं। नगर पंचायत पाली अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया हैं। भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की सेहत पर बुरा असर डाला है। दोपहर में सडकों पर सन्नाटा छा रहा है। गर्मी से लू (हीट स्ट्रोक) का खतरा बढ़ गया है। पूरा देश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। गर्मी नित नए रिकॉर्ड बना रही है। जिसमें आम नागरिक से लेकर पशु-पक्षी तक हलाकान हो गए हैं। गर्मी से पाली क्षेत्र भी अछूता नहीं रहा है। पाली क्षेत्र में हीट स्ट्रोक से बड़ी संख्या में चमगादड़ों की मृत्यु हो गई है। जानकारी के अनुसार नगर पंचायत पाली के नौकोनिया तालाब के किनारे स्थित पेड़ों में हजारों की संख्या में चमगादड़ों ने बसेरा बनाया है। प्रतिवर्ष फरवरी मार्च में बड़ी संख्या में प्रवासी चमगादड़ आकर तालाब के किनारे पर डेरा जमाते हैं। इस वर्ष प्रवासी चमगादड़ की संख्या काफी बढ़ी हैं। जिससे प्रकृति, पर्यावरण व पक्षी प्रेमी हर्षित हो रहे हैं। तालाब के किनारे स्थित वृक्षों पर सैकड़ों चमगादड़ अंगूर की तरह गुच्छों मे उल्टे लटके देखे जा सकते हैं। सुबह से शाम तक तालाब के ऊपर उड़ान भरना और उनकी जल क्रीड़ा आकर्षित करती है, लेकिन चमगादड़ 42-43 डिग्री का गर्म तापमान झेल नहीं पा रहे हैं और पेड़ों से पके फल की भांति नीचे टपक रहे हैं। बड़ी संख्या में पेड़ों के नीचे चमगादड़ मृत देखे जा सकते हैं। यह स्थिति पाली के अलावा कई गांव में भी बड़े तालाबों के किनारे स्थित पेड़ों के नीचे दिख रही है। बड़ी संख्या में चमगादड़ की मृत्यु पर वन विभाग को सूचित किया गया है। गर्मी के मौसम ने पशु-पक्षियों के अलावा खेती-किसानी पर भी बड़ा असर डाला है। मौसमी सब्जियां झुलस रही है। प्रदेश के सबसे बड़े अंबेडकर अस्पताल के मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. योगेंद्र मल्होत्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि हीट एग्जॉशन, हीट स्ट्रोक से ठीक पहले की स्थिति होती है। शरीर से अत्यधिक मात्रा में पानी और नमक निकल जाने पर यह समस्या होती है। विशेषज्ञों के अनुसार चमगादड़ अपने शरीर का तापमान सीमित स्तर तक ही नियंत्रित कर पाते हैं। 40 डिग्री से अधिक तापमान में वे असहज हो जाते हैं और 42 डिग्री पार होते ही स्थिति उनके लिए जानलेवा बन जाती है। पाली में हुई चमगादड़ों की मौत को भी हीट स्ट्रोक का परिणाम माना जा रहा है। प्रशासन और वन विभाग पक्षियों पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। - 24 मई