खेल
24-May-2026


लखनऊ (ईएमएस)। पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के अंतिम लीग मैच में शानदार शतक लगाने के साथ ही अपनी टीम को जीत दिलाने के अलावा एकसाथ कई बड़े रिकार्ड भी अपने नाम किये हैं। अब श्रेयस नंबर चार पर उतरकर शतकीय पारी खेलने वाले पहले कप्तान बने हैं। इस मैच में श्रेयस की पारी से पंजाब ने सात विकेट से जीत हासिल की। अय्यर ने 11 चौके और 5 छक्के लगाकर नाबाद 101 रन बनाये। जिसके कारण उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड भी मिला। आईपीएल में इससे पहले कप्तानों ने 16 शतक लगाये हैं पर ये सभी शतक सलामी बल्लेबाजों या नंबर-3 तक के बल्लेबाजों ने लगाये हैं। मध्यक्रम में उतरकर शतक लगाने वाले श्रेयस पहले कप्तान हैं। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही श्रेयस पंजाब किंग्स में कप्तान के तौर पर शतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बने हैं। उनसे पहले साल 2020 में केएल राहुल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ नाबाद 132 रन और साल 2011 में एडम गिलक्रिस्ट ने आरसीबी के ही खिलाफ 106 रनों की पारी खेली थी। साल 2020 के बाद यह पहला मौका है जब पंजाब किंग्स के किसी कप्तान ने आईपीएल में शतक लगाया है। इसके अलावा आईपीएल इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक लगाने वाले कप्तानों की सूची में क्लब में भी अय्यर ने अपनी जगह बनाई है। वह ऐसा करने वाले केवल चौथे कप्तान हैं। सबसे पहले 2011 में वीरेंद्र सहवाग 119 रन ने यह कारनामा किया था, जिसके बाद 2016 में विराट कोहली ने नाबाद 108 रन) और 2021 में संजू सैमसन ने नाबा 119 रन कप्तान के तौर पर लक्ष्य का पीछा करते हुए बनाये थे। गिरजा/ईएमएस 24मई 2026