अंतर्राष्ट्रीय
24-May-2026


होर्मुज स्ट्रेट के नियंत्रण पर टिकी दुनिया की नजरें वॉशिंगटन(ईएमएस)। अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी गंभीर सैन्य टकराव के बाद अब दोनों देश एक अंतरिम शांति समझौते के बेहद करीब पहुंच गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस ऐतिहासिक समझौते का मसौदा लगभग तैयार हो चुका है और अगले 24 घंटों के भीतर दोनों देशों की ओर से इसकी संयुक्त घोषणा की जा सकती है। हाल के दिनों में उपजे युद्ध जैसे हालातों को रोकने की दिशा में इसे अब तक का सबसे बड़ा कदम माना जा रहा है। इस संभावित डील को आगे बढ़ाने में पाकिस्तान और कतर ने महत्वपूर्ण मध्यस्थ की भूमिका निभाई है, जिसमें पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने ईरानी अधिकारियों और अमेरिकी संपर्कों के साथ कई दौर की सफल वार्ता की है। इस पूरे घटनाक्रम और शांति समझौते का मुख्य केंद्र बिंदु होर्मुज स्ट्रेट बना हुआ है, जहां से दुनिया के लगभग 20 फीसदी तेल का कारोबार गुजरता है। हालिया तनाव के दौरान ईरान ने इस रणनीतिक मार्ग पर अपना नियंत्रण कड़ा कर लिया था, जिससे वैश्विक तेल बाजार में भारी उथल-पुथल मच गई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इस समझौते के काफी हद तक तय होने की पुष्टि की है। हालांकि, अमेरिका की मांग के विपरीत ईरान ने स्पष्ट किया है कि होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही तो बढ़ सकती है, लेकिन इसका मतलब फ्री पैसेज नहीं होगा और अंतिम नियंत्रण तेहरान के पास ही रहेगा। इस अंतरिम समझौते के तहत अमेरिका द्वारा ईरान की विदेशों में फ्रीज की गई संपत्तियों को रिलीज किए जाने और ईरानी बंदरगाहों पर लगे प्रतिबंधों में धीरे-धीरे ढील दिए जाने की संभावना है। सबसे जटिल मुद्दा ईरान के परमाणु कार्यक्रम और यूरेनियम भंडार का है, जिसके समाधान के लिए मसौदे में 30 से 60 दिनों की अतिरिक्त बातचीत का प्रावधान रखा गया है। इस बीच, इजरायल और कई अमेरिकी रिपब्लिकन नेता इस समझौते को लेकर पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। इजरायल का मानना है कि यह डील केवल तात्कालिक युद्धविराम और तेल आपूर्ति बहाल करने पर केंद्रित है, जिससे ईरान के परमाणु खतरे का स्थायी समाधान नहीं होगा। बहरहाल, यदि यह समझौता औपचारिक रूप लेता है, तो इससे वैश्विक तेल बाजार, समुद्री व्यापार और पश्चिम एशिया की राजनीति में बड़ा बदलाव आएगा। अब देखना यह होगा कि इस समझौते के लागू होने के बाद वैश्विक ऊर्जा राजनीति की धुरी माने जाने वाले होर्मुज स्ट्रेट पर किसका दबदबा कायम रहता है। वीरेंद्र/ईएमएस/24मई 2026