क्षेत्रीय
24-May-2026
...


- पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर बरामद किया चतरा (ईएमएस)। झारखंड के चतरा जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। मां के कथित प्रेम संबंध से नाराज एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर मां के प्रेमी की हत्या कर दी और शव को जंगल में दफना दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना लावालौंग थाना क्षेत्र के तुंगुन गांव से जुड़ी है। मृतक की पहचान गुड्डू मुंडा के रूप में हुई है। हत्या के बाद शव को मंदहनिया के घने जंगल में दफना दिया गया था। पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर बरामद किया है। सिमरिया एसडीपीओ नगरागोजे शुभम भाऊसाहेब ने बताया कि मुख्य आरोपी राकेश मुंडा ने अपने तीन साथियों महेश गंझू, नितेश कुमार और कमलेश कुमार के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि 30 मार्च को उन्होंने गुड्डू मुंडा को मंदहनिया घाटी के पास चलती बस से जबरन उतार लिया। इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जंगल में ले जाकर हत्या कर दी गई और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को दफना दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह मृतक और मुख्य आरोपी की मां के बीच कथित प्रेम संबंध थे। इसी संबंध को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते आरोपी ने हत्या की साजिश रची। मामले में मृतक के पिता ने 15 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी महेश गंझू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जंगल से शव बरामद कर लिया। पुलिस ने महेश गंझू, नितेश कुमार और कमलेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मुख्य आरोपी राकेश मुंडा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - ईएमएस 24 मई 2026