- 12 से अधिक नए उत्पाद उतारेगी कंपनी नई दिल्ली (ईएमएस)। देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन विनिर्माता हीरो मोटोकॉर्प ने वित्तीय वर्ष 2026-27 तक दोहरे अंक की वृद्धि हासिल करने का भरोसा जताया है। कंपनी इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए 12 से अधिक नए उत्पाद बाजार में उतारेगी और इलेक्ट्रिक स्कूटर कारोबार को तेजी से बढ़ाएगी। कंपनी के एक अधिकारी के अनुसार स्कूटर कारोबार, विशेषकर इलेक्ट्रिक सेगमेंट, भविष्य के विकास का प्रमुख केंद्र होगा। उन्होंने 2030 तक कुल स्कूटर बिक्री में इलेक्ट्रिक स्कूटर की 50 फीसदी से अधिक हिस्सेदारी का लक्ष्य रखा। उन्होंने कम प्रदूषण वाले पावरट्रेन की बढ़ती मांग के मद्देनजर बाजार में अग्रणी स्थिति बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय दोपहिया बाजार में तीव्र प्रतिस्पर्धा मानी, लेकिन बताया कि पिछले वित्त वर्ष में कंपनी ने अपनी बाजार स्थिति मजबूत की है। सियाम के आंकड़ों के अनुसार, हीरो ने अपनी अग्रणी बढ़त फिर से बढ़ाई है, जिसका श्रेय स्कूटर, इलेक्ट्रिक वाहन, 125 सीसी से ऊपर की मोटरसाइकिल और प्रवेश स्तर की बाइकों में मजबूत प्रदर्शन को जाता है। चालू वित्त वर्ष में भी दोहरे अंक की वृद्धि जारी रहने की उम्मीद है, जिसमें निर्यात और इलेक्ट्रिक वाहनों की भूमिका अहम होगी। कंपनी सालाना 10-12 से अधिक नए मॉडल लॉन्च करने की योजना बना रही है। सतीश मोरे/24मई ---