- नहलाने के दौरान बेकाबू हुआ हाथी, 2.5 किमी तक फैलाई दहशत - घरों और वाहनों को पहुंचाया भारी नुकसान त्रिशूर (ईएमएस)। केरल के त्रिशूर शहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पालतू हाथी अचानक बेकाबू हो गया और रिहायशी इलाकों में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। इस घटना से पूरे शहर में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। जानकारी के अनुसार, शिवलक्ष्मी अय्यप्पन नामक हाथी को कोल्लम से एक धार्मिक उत्सव में शामिल करने के लिए त्रिशूर लाया गया था। सुबह उसे नहलाने के दौरान वह अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया। हाथी ने चेम्बुक्कावु से गांधी नगर तक करीब 2.5 किलोमीटर क्षेत्र में तांडव मचाते हुए कई घरों, कारों, ऑटो और दोपहिया वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। उसने कई पेड़ों को भी उखाड़ फेंका और मकानों के गेट तथा छतों को नुकसान पहुंचाया। घटना के दौरान एक महिला संगीता की जान बाल-बाल बच गई। हाथी ने उनकी कार को उठाकर एक ओर फेंक दिया, लेकिन सौभाग्य से वह सुरक्षित निकलने में सफल रहीं। संगीता ने बताया कि संकरी गली में होने के कारण वह वाहन पीछे नहीं ले जा सकीं और कुछ क्षणों के लिए उन्हें लगा कि अब बचना मुश्किल है। करीब एक घंटे तक चले इस उत्पात के बाद वन विभाग और हाथी नियंत्रण दल ने काफी मशक्कत कर हाथी को काबू में किया। घटना में हाथी भी घायल हो गया और उसके सिर व कानों से खून बहता देखा गया। जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों को नुकसान का आकलन कर प्रभावित लोगों को मुआवजा देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, हाथी की स्थिति और उसके स्वामित्व को लेकर भी जांच शुरू कर दी गई है। रामयश/ईएमएस 24 मई 2026