कीव,(ईएमएस)। रूस ने कीव और आसपास के इलाकों पर मिसाइल और ड्रोन हमला किया। अधिकारियों के मुताबिक इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, 24 लोग घायल हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस ने यूक्रेन की तरफ 50 से ज्यादा मिसाइलें और 700 से ज्यादा ड्रोन दागे। इनमें ज्यादातर का निशाना कीव शहर था। इसे पिछले एक साल के सबसे बड़े हमलों में से एक बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि रात करीब 1 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक लगातार जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं। रिपोर्ट के मुताबिक हमले के दौरान पूरे यूक्रेन में एयर रेड अलर्ट जारी किया गया। यूक्रेनी वायुसेना ने कहा कि बड़ी संख्या में मिसाइलें और ड्रोन राजधानी की तरफ बढ़ रहे थे। कीव के मेयर ने कहा कि शहर के करीब हर इलाके में नुकसान दर्ज किया गया है। कई रिहायशी इमारतों, घरों, सुपरमार्केट, शॉपिंग सेंटर, ऑफिस, गोदाम और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। कुछ इमारतों के कई फ्लोर पूरी तरह ढह गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कीव के अलावा आसपास के कई इलाकों में भी हमले हुए हैं। कई जगह आग लग गई और राहत-बचाव टीमों को मौके पर भेजा गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमले से पहले चेतावनी दी थी कि रूस बड़ा हमला करने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की थी। हमले के बाद पोलैंड ने भी अपने और सहयोगी देशों के लड़ाकू विमान अलर्ट पर भेजे ताकि उसके हवाई क्षेत्र की सुरक्षा की जा सके। सिराज/ईएमएस 24मई26