अंतर्राष्ट्रीय
24-May-2026


-कंपनी में गैर-चीनी कर्मचारियों को अक्सर अलग-थलग महसूस कराया जाता था न्यूयार्क,(ईएमएस)। फेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा के एक पूर्व इंजीनियर ने कंपनी पर नस्लीय भेदभाव के गंभीर आरोप लगाए हैं। इंजीनियर जेरेमी बर्नियर ने एक्स पर लंबा पोस्ट लिखकर अपने अनुभव साझा किए। उन्हें हाल ही में कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया था। बर्नियर का दावा है कि उनकी टीम में करीब 90फीसदी कर्मचारी चीनी थे और गैर-चीनी कर्मचारियों को अक्सर अलग-थलग महसूस कराया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि टीम में गैर-चीनी कर्मचारियों को नुकसान पहुंचाया और छंटनी में भी उन्हें ही ज्यादा निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि जिन सात कर्मचारियों को उन्होंने अपनी टीम में नौकरी जाते देखा उनमें से 6 गैर-चीनी थे। बर्नियर ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी टीम में ज्यादातर बातचीत मंदारिन भाषा में होती थी, जिससे बाकी लोग खुद को टीम से कटा हुआ महसूस करते थे। उनके मुताबिक, मीटिंग्स भले ही अंग्रेजी में होती थीं, लेकिन बैठक खत्म होते ही लोग तुरंत मंदारिन में बात करने लगते थे। उन्होंने लिखा कि मैं एक-दो बातचीत की बात नहीं कर रहा, बल्कि लगभग हर बातचीत मंदारिन में होती थी। 10 से ज्यादा लोग मंदारिन में बात करते थे और दो गैर-चीनी कर्मचारी कुछ समझ नहीं पाते थे। बर्नियर ने अपने अनुभव की तुलना चीन की कंपनी हुआवेई से करते हुए कहा कि अगर वहां किसी दूसरी भाषा का इतना ज्यादा इस्तेमाल होता, तो चीन के लोग नाराज हो जाते। सिराज/ईएमएस 24मई26