- सुरक्षा व्यवस्था पर पुनः उठे सवाल कोरबा (ईएमएस)। जानकारी के अनुसार सार्वजनिक क्षेत्र के वृहद उपक्रम कोल् इंडिया की अनुसांगिक कंपनी एसईसीएल बिलासपुर के अधीन कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में स्थापित एवं संचालित खुले मुहाने की गेवरा कोयला परियोजना अंतर्गत एसईसीएल की मेगा परियोजना कुसमुंडा कोयला खदान में हादसा हो गया। बताया जा रहा हैं की कोयला खदान में डंपिंग के लिए गया 60 टन वजनी डंपर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में डंपर वाहन चालक को भी चोटें आई हैं। घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार डंपर वाहन चालक डंपर लेकर कोयला खदान में डंपिंग करने गया था। इसी दौरान डंपर का संतुलन बिगड़ा और वह कोयला खदान से फिसलकर नीचे जा गिरा। बताया जा रहा है कि डंपर वाहन ऊपर से स्लाइड होते हुए नीचे गिरा। हादसे के वक्त डंपर वाहन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि गिरने से उसे चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही कुसमुंडा कोयला खदान में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में कर्मचारी मौके पर जमा हो गए। संबंधित विभाग के अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। डंपर को भारी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से सीधा किया गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त आसपास अन्य वाहन या कर्मचारी नहीं थे, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। इस घटना ने एसईसीएल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर पुनः गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि खदान में सेफ्टी के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई जा रही है। हर साल सेफ्टी वीक और मार्च निकाले जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो रही है। कोयला फेस की ढलान, डंपिंग पॉइंट की मजबूती और वाहनों की नियमित जांच में लापरवाही बरती जा रही है। प्रबंधन की इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ हैं। कर्मचारी संगठनों ने घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि डंपर वाहन चालकों पर उत्पादन का दबाव रहता है, जिसके कारण कई बार सुरक्षा नियम ताक पर रख दिए जाते हैं। फिलहाल घायल डंपर वाहन चालक का उपचार चल रहा है। एसईसीएल प्रबंधन ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। कुसमुंडा खदान एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदानों में से एक है। परंतु यहां आए दिन होने वाले हादसे मजदूरों की सुरक्षा को लेकर प्रबंधन के दावों पर सवाल उठाते हैं। - 24 मई