- एसआईटी ने कोर्ट में सौंपी रिपोर्ट - पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की भी सिफारिश अलप्पुझा (ईएमएस)। वर्ष 2023 की नव केरल यात्रा के दौरान यूथ कांग्रेस और केएसयू कार्यकर्ताओं पर कथित हमले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बड़ा खुलासा किया है। टीम ने पूर्व मुख्यमंत्री के गनमैन समेत पांच पुलिसकर्मियों को इस मामले में आरोपी बनाया है और अपनी रिपोर्ट अलप्पुझा प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में प्रस्तुत कर दी है। रिपोर्ट में पूर्व मुख्यमंत्री के गनमैन अनिलकुमार, सुरक्षा कर्मी एस. संदीप तथा एस्कॉर्ट ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी अरुण, विपिन और शैजू के नाम शामिल किए गए हैं। इससे पहले मामले में केवल दो गनमैन आरोपी थे। एसआईटी ने गवाहों के बयान और वीडियो फुटेज के आधार पर यह रिपोर्ट तैयार की है। हालांकि आरोपियों के खिलाफ अभी औपचारिक आरोप तय नहीं किए गए हैं। जांच में पाया गया कि अलप्पुझा के हॉस्पिटल जंक्शन पर प्रदर्शन कर रहे यूथ कांग्रेस और केएसयू कार्यकर्ताओं को सुरक्षा कर्मियों ने स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में घेरकर कथित रूप से पीटा था। एसआईटी ने इसे स्थापित सुरक्षा प्रक्रियाओं के खिलाफ और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल का अनादर बताया है। रिपोर्ट में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की भी सिफारिश की गई है। दोषी पाए जाने पर उनके निलंबन समेत अन्य अनुशासनात्मक कदम उठाए जा सकते हैं। इस बीच मुख्य आरोपी अनिलकुमार और एस. संदीप ने अलप्पुझा सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है, जिस पर मंगलवार को सुनवाई होगी। एसआईटी ने यह भी संकेत दिया है कि मामले की शुरुआती जांच में गंभीर खामियां थीं और केस को कमजोर करने के लिए उच्च स्तर पर पुलिस साजिश की आशंका भी सामने आई है। रामयश/ईएमएस 24 मई 2026