24-May-2026
...


- पिता बोले- उसकी पीड़ा समझ नहीं सके - घर में फंदे से लटकी मिली नीट अभ्यर्थी बेंगलुरु (ईएमएस)। कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में नीट की तैयारी कर रही 18 वर्षीय एक छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार छात्रा का शव उसके घर में छत के पंखे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। मृतका की पहचान भाग्यश्री के रूप में हुई है। वह पढ़ाई में बेहद मेधावी थी और पीयूसी (प्री-यूनिवर्सिटी कोर्स) परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। बताया जा रहा है कि उसने हाल ही में आयोजित नीट परीक्षा भी दी थी और परिवार के अनुसार उसका प्रदर्शन अच्छा रहा था। भाग्यश्री के पिता राजशेखर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि परिवार में किसी तरह का तनाव या विवाद नहीं था। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई में अच्छी थी और घर का माहौल भी सामान्य था। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि शायद उसके मन में नीट परीक्षा को दोबारा देने को लेकर कुछ विचार या दबाव रहा हो, लेकिन वह किसी को दोष नहीं देते और न ही उन्हें उसकी पीड़ा का अंदाजा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्टेशन बाजार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने पुनर्परीक्षा 21 जून को कराने की घोषणा की है। हालांकि पुलिस ने अभी तक छात्रा की मौत और परीक्षा से जुड़े किसी कारण के बीच सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की है। - ईएमएस 24 मई 2026