24-May-2026
...


- ट्रक के परखच्चे उड़े, केबिन में फंसा चालक, दोनों पैर टूटे कोडरमा (ईएमएस)। झारखंड के कोडरमा जिले में रविवार सुबह रांची-पटना मुख्य मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के कोडरमा घाटी स्थित नौवां माइल्स के पास ब्रेक फेल होने से एक ट्रक अनियंत्रित होकर आगे चल रही हाईवा से जा टकराया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि खलासी को मामूली चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, ट्रक कोलकाता से दाल लादकर बिहार के नवादा जा रहा था। कोडरमा घाटी के खतरनाक ढलान पर पहुंचते ही ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक ने आगे चल रही हाईवा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और खलासी केबिन में फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना की पेट्रोलिंग टीम और रोड सेफ्टी से जुड़े सदस्य सागर कुमार गिरी मौके पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बावजूद चालक को केबिन से निकालना संभव नहीं हो सका, जिसके बाद क्रेन की मदद ली गई। लंबे प्रयास के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल चालक की पहचान बिहार के नवादा निवासी प्रदीप यादव के रूप में हुई है। उसे 108 एंबुलेंस से सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि हादसे में उसके दोनों पैर टूट गए हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया है। वहीं खलासी को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। - ईएमएस 24 मई 2026