क्षेत्रीय
24-May-2026
...


- परिजनों ने जताई साजिश की आशंका, हादसे का वीडियो वायरल - वक्फ संपत्तियों की लड़ाई लड़ रहे थे अधिवक्ता हैदराबाद (ईएमएस)। तेलंगाना के हैदराबाद में वरिष्ठ अधिवक्ता खाजा मोइजुद्दीन (63) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिवार ने आरोप लगाया है कि यह कोई सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है, जो वक्फ संपत्तियों को लेकर चल रहे कानूनी विवाद से जुड़ी हो सकती है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे की है। पुलिस के अनुसार, मोइजुद्दीन अपने शांति नगर स्थित आवास से तैराकी के लिए निकल रहे थे। जैसे ही वह अपनी कार में बैठने वाले थे, तभी बिना नंबर प्लेट वाली एक हरी स्कॉर्पियो एसयूवी ने पीछे से तेज रफ्तार में उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह कई फीट दूर जा गिरे। वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले महावीर अस्पताल और बाद में आबिड्स के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोपहर करीब 12:30 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना का कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मृतक के पुत्र और अधिवक्ता मोहम्मद फरहान ने आरोप लगाया कि उनके पिता पिछले 35 वर्षों से वक्फ संपत्तियों पर कथित अतिक्रमण और निजीकरण के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे। उन्होंने दावा किया कि कुछ प्रभावशाली लोगों के खिलाफ चल रहे मामलों के कारण उनके पिता को लगातार धमकियां मिल रही थीं और इससे पहले भी उन पर कम से कम पांच बार जानलेवा हमले हो चुके थे। फरहान ने कहा कि समझौते और केस वापस लेने के लिए परिवार पर दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छह महीने पहले उन्हें भी धमकियां मिली थीं। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर चार से पांच विशेष जांच टीमें गठित की हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। इस घटना की कानूनी समुदाय और राजनीतिक दलों ने कड़ी निंदा की है तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। - ईएमएस 24 मई 2026