खेल
24-May-2026


मुम्बई (ईएएमएस)। युवा तेज गेंदबाज अर्जुन तेंदुलकर को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से अंतिम लीग मैच खेलने को मिला। इसमें अर्जुन ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए 36 रन देकर एक विकेट लिया। इस पर अर्जुन की बहन सारा तेंदुलकर ने भी खुशी जतायी है। सारा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट भी साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने भाई की कड़ी मेहनत, दबाव झेलने की क्षमता और धैर्य की जमकर सराहना की। यह पोस्ट तुरंत वायरल हो गया और प्रशंसकों द्वारा खूब पसंद किया गया। इस सत्र में अपना पहला मुकाबला खेलते हुए अर्जुन ने अपनी सधी हुई गेंदबाजी से सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी कर केवल 36 रन दिये और बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को आउट किया। अर्जुन की सटीक लाइन और लेंथ के सामने पंजाब किंग्स के बल्लेबाज बेबस नजर आये। आईपीएल के इस सत्र में अर्जुन को एक ही अवसर मिला जिसमें उन्होंने अपने को साबित किया। अर्जुन के प्रदर्शन से प्रभावित होकर, सारा ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश लिखा। सारा ने लिखा, मेरे प्यारे छोटे भाई, तुम दुनिया की हर खुशी हासिल करने के अधिकारी हो। तुम्हारी मेहनत, दबाव झेलने की क्षमता और हर कठिनाई में धैर्य रखने पर मुझे बहुत गर्व है। मैं तुम्हें हमेशा प्यार करती रहूंगी।” इस संदेश ने भाई-बहन के अटूट रिश्ते को दर्शाया और कई प्रशंसकों को भावुक कर दिया। मैच में अर्जुन का व्यक्तिगत प्रदर्शन अच्छा रहा पर उनकी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स को इस मैच में हार झेलनी पड़ी। टीम इस प्रकार अंक तालका में सबसे निचले स्थान पर रही। इस पूरे सीजन में, लखनऊ सुपर जायंट्स 14 लीग मैचों में से केवल 4 में ही जीत हासिल कर पाई थी और प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली पहली टीम भी बनी थी। गिरजा/ईएमएस 24मई 2026