खेल
24-May-2026


मुम्बई (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19 वें सत्र में जहां प्लेऑफ के लिए लिए पहले तीन स्थान तय हो गये हैं। वहीं चौथे स्थान के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर), राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के बीच मुकाबला है। इन तीनों में से, राजस्थान रॉयल्स की दावेदारी सबसे मजबूत है। उसके पास अपने बल पर प्लेऑफ में पहुंचने का सबसे अच्छा अवसर है। यदि राजस्थान मुंबई इंडियंस (एमआई) को हरा देती है, तो सीधे शीर्ष 4 में पहुंच जाएगी। वहीं अगर वह यह मैच हार जाते हैं, तो बाहर हो जाएगी। ऐसे में चौथे स्थान के लिए पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच टक्कर होगी और इसमें नेट रन रेट से फैसला होगा। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए प्लेऑफ्स का रास्ता थोड़ा जटिल है और कई समीकरणों पर निर्भर करता है। उन्हें न सिर्फ अपने आखिरी मैच में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को हर हाल में हराना होगा, बल्कि यह भी उम्मीद करनी होगी कि मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स को हरा दे। वहीं पंजाब किंग्स पहले ही अपने सभी लीग मुकाबले खेल चुकी है और उसके 15 अंक हैं। यदि केकेआर दिल्ली को हराती है, तो उसके भी 15 अंक हो जाएंगे, जिससे नेट रन रेट (एनआरआर) का महत्व सबसे अधिक बढ़ जाएगा।नेट रन रेट के अंतर को देखते हुए, केकेआर को दिल्ली के खिलाफ एक बड़ी जीत की जरुरत होगी। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स की टीम उम्मीद कर रही होगी कि राजस्थान रॉयल्स आज का मैच मुंबई इंडियंस से हार जाए। केकेआर यदि दिल्ली को हराती भी है, तो वह बहुत करीबी मुकाबले में जीते, जिससे पंजाब का नेट रन रेट बेहतर बना रहे और उन्हें ऑफ में जगह मिल सके। ईएमएस 24मई 2026