24-May-2026
...


- सामाजिक कार्यकर्ताओं के बीच कराया हैप्पी एंडिंग, दिए सख्त निर्देश गुना (ईएमएस)। शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली गुनिया नदी को पुनर्जीवित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाई जा रही मुहिम के तहत रविवार सुबह गुनिया नदी पदयात्रा के चौथे चरण का आयोजन किया गया। नदी से नाता, भविष्य से वादा के संकल्प के साथ सुबह ठीक 7:00 बजे कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के नेतृत्व में यह पदयात्रा गोपालपुरा तालाब से शुरू हुई। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और सिविल सोसायटी के सदस्यों ने गोपालपुरा से लेकर बांसखेड़ी पुलिया, मंडी गेट, हाट रोड रपटा, बड़ा पुल, गोविंद गार्डन और लुशन बगीचा होते हुए सिंहवासा तालाब तक का सफर तय कर सफाई कार्य का जायजा लिया। यात्रा के दौरान एक दिलचस्प वाकया भी सामने आया, जब विगत दिवस गुनिया सफाई अभियान से जुड़े डॉ. पुष्पराग शर्मा और वीएचपी नेता सुरेश शर्मा के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई थी । मौके पर मौजूद कलेक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद का हैप्पी एंडिंग कराया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को पुलिया के आसपास से तत्काल मिट्टी हटाने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद कलेक्टर किशोर कन्याल ने कहा कि नदी की खुदाई के दौरान जो मिट्टी एकत्रित की गई है, उसे अगले 15 दिनों के भीतर पूरी तरह उठा लिया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि बरसात शुरू होने से पहले नदी की इतनी सफाई कर दी जाए ताकि शहर में कहीं भी पानी का भराव न हो। इस अभियान की सबसे खास बात यह रही कि शहर हित को सर्वोपरि रखते हुए सभी सामाजिक संगठन और राजनीतिक पक्ष गुनिया की सफाई पर पूरी तरह सहमत नजर आए। सभी का एकमात्र उद्देश्य है कि इस बार बारिश में शहर में बाढ़ के हालात न बनें और किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके। - सीताराम नाटानी