- पिकअप वाहन ने मारी जानलेवा टक्कर - लौट रहे थे पूजा के फूल लेकर कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिलान्तर्गत कटघोरा नगर क्षेत्र में अलसुबह घटित एक सड़क हादसे में गंभीर घायल प्रतीष्ठित हार्डवेयर व्यवसायी दीपक गोयल की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार शहीद वीर नारायण चौक के पास एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान कटघोरा निवासी दीपक गोयल के रूप में की गयी है, जो शहर के प्रतिष्ठित हार्डवेयर व्यापारी थे। बताया जा रहा हैं की अलसुबह लगभग 6 बजे दीपक गोयल अपनी बाइक से पूजा के लिए फूल लेकर घर लौट रहे थे। उसी दौरान शहीद वीर नारायण चौक के पास पीछे से आ रही एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार जलवा टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक सड़क पर गिर पड़े और उनकी बाइक पिकअप में फंस गई। हादसे के बाद भी पिकअप वाहन चालक ने वाहन नहीं रोका और बाइक को लगभग 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर वाहन चालक बाइक छोड़ पिकअप सहित फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 और 108 पर सूचना दी। गंभीर हालत में दीपक को पहले कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से शुरुआती इलाज के बाद जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सिर और शरीर में गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कुछ ही घंटों में आरोपी पिकअप को जब्त कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार वाहन चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश के लिए टीम रवाना कर दी गई है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। - 24 मई