- पुलिस से बचने के लिये नाबालिग को लेकर लगातार शहर बदल रहा था आरोपी भोपाल(ईएमएस)। शहर के गांधी नगर थाना इलाके से 16 साल की नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगातार किये गये प्रयासो से आखिरकार 4 महीने बाद किशोरी को दस्तयाब कर आरोपी कमलेश अहिरवार को दबोच लिया है। मामले में थाना प्रभारी विजेन्द्र मर्सकोले से मिली जानकारी के अनुसार बीती 15 जनवरी 26 को थाना क्षेत्र में रहने वाले फरियादी ने रिर्पोट दर्ज कराते हुए बताया की उसकी नाबालिग बेटी को अज्ञात आरोपी बहला-फुसला कर अगवा कर ले गया है। शुरुआती जॉच के बाद पुलिस ने मामला कायम कर किशोरी की तलाश के साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरु किये। छानबीन के दौरान पता चला कि किशोरी को आरोपी कमलेश अहिरवार पिता नन्नुलाल अहिरवार निवासी बंजारा बस्ती अब्बास नगर, थाना गॉधी नगर अगवा कर ले गया है। पुलिस ने आरोपी कमलेश की काफी तलाश की लेकिन आरोपी और किशोरी के संबंध मे कोई जानकारी नहीं मिल सकी। मामला नाबालिग बालिका से जुड़ा होने के चलते आला अफसरो ने आगे की जॉच के लिये एसआईटी टीम गठित की। जॉच के दौरान सामने आया की आरोपी कमलेश अहिरवार काफी शातिर है, उसने किसी से भी संपर्क न करते हुए जहॉ अपना मोबाईल बंद कर लिया था। इतना ही नहीं वह पुलिस से बचने के लिये किशोरी को शहर बदलते हुए इंदौर, बैंगलोर, अहमदाबाद, गुजरात, नरसिंहगढ सहित अन्य जगहो पर घुमाते हुए पुलिस को चकमा देता रहा। - सैकड़ो नंबरो की सीडीआर, सीसीटीवी फुटेज के मिला सुराग पड़ताल के दौरान पुलिस टीम ने सैकड़ो नंबरो की सीडीआर सहित कई स्थानो के सीसीटीवी फूटेज चेक किये। वहीं सुराग मिलने पर दोनो की तलाश मे टीमें गुजरात और मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरो में रवाना की गई। आखिरकार बीते दिन तकनीकी सुरागो के और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने किडनेप की गई नाबालिग बालिका को नरसिंहगढ़ जिला राजगढ़ से आरोपी कमलेश अहिरवार के कब्जे से दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने आरोपी कमलेश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब किशोरी के अपहरण से लेकर उसकी दस्तयाबी तक के दौरान आरोपी की मदद करने वालो की तलाश कर रही है। जुनेद / 23 मई