- जून में बड़े जन मार्च की चेतावनी बिलासपुर (ईएमएस)। बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के रनवे विस्तार में हो रही देरी को लेकर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने अपना रुख कड़ा कर लिया है। समिति ने आरोप लगाया कि रनवे विस्तार के प्रथम चरण के लिए अब तक राशि स्वीकृत नहीं होने से परियोजना अनावश्यक रूप से अटकी हुई है। विरोध स्वरूप समिति ने जून महीने में बड़े जन मार्च की घोषणा की है। इसकी तिथि जल्द घोषित की जाएगी। समिति के अनुसार एयरपोर्ट रनवे का पहले चरण में 710 मीटर विस्तार किया जाना है, जिस पर लगभग 70 करोड़ रुपए खर्च होंगे। हालांकि करीब छह महीने बीत जाने के बाद भी इस मद में राशि आवंटित नहीं की गई है। समिति ने बताया कि वर्तमान में बिलासपुर एयरपोर्ट का रनवे केवल 1490 मीटर लंबा है, जिसके कारण बड़े और मध्यम श्रेणी के विमान यहां उतर नहीं पा रहे हैं। यहां तक कि वर्तमान में संचालित 72 सीटर एटीआर विमान भी गर्मी के मौसम में पूरी क्षमता के साथ उड़ान भरने में असमर्थ रहते हैं। समिति का कहना है कि बोइंग और एयरबस श्रेणी के छोटे विमानों के संचालन के लिए कम से कम 2200 मीटर लंबे रनवे की आवश्यकता होती है। प्रथम चरण के विस्तार के बाद रनवे की लंबाई 2200 मीटर तक पहुंच जाएगी, जबकि भविष्य में इसे बढ़ाकर 2885 मीटर करने की योजना है। समिति ने दावा किया कि भारतीय सेना के कब्जे वाली 290 एकड़ जमीन मिलने के बाद अब केवल वित्तीय स्वीकृति का इंतजार है और राशि मिलते ही रनवे विस्तार का कार्य शुरू किया जा सकता है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने राज्य सरकार पर बिलासपुर की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि रायपुर और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र की परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि बिलासपुर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में देरी की जाती है। समिति ने कहा कि रायपुर मेट्रो परियोजना के लिए हजारों करोड़ रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं, लेकिन बिलासपुर एयरपोर्ट को 4ष्ट श्रेणी में विकसित करने के लिए अपेक्षाकृत कम राशि पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। समिति ने कहा कि बिलासपुर के विकास में लगातार बाधाएं खड़ी की जा रही हैं, जिसके चलते अब जन आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया गया है। इस बीच हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का महाधरना शुक्रवार को भी जारी रहा। धरने में शिरीष कश्यप, अनिल गुलहरे, बद्री यादव, मनोज श्रीवास, केशव गोरख, ऋषिराज गौतम, दीपक कश्यप, मजहर खान, प्रकाश बहरानी, संतोष पीपलवा, अमर बजाज, महेश दुबे, देवेंद्र सिंह ठाकुर, प्रतीक तिवारी, विजय वर्मा, जसवीर सिंह चावला सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। - 24 मई 2026