गुना (ईएमएस)।शहर के घोसीपुरा इलाके में महज ₹200 के चश्मे के पैसे को लेकर दो दोस्तों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान एक युवक ने अपने ही दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचा एक अन्य युवक भी हमले की चपेट में आ गया। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। मामला कैंट थाना क्षेत्र का है। घायल आदिल खान ने बताया कि उसने दो दिन पहले अपने दोस्त को ₹200 का चश्मा दिलाया था। जब उसने पैसे मांगे तो आरोपी नाराज हो गया और पहले धक्का-मुक्की कर धमकी दी। आदिल के अनुसार शनिवार रात करीब 11 बजे आरोपी ने उसे पैसे देने के बहाने बुलाया। वहां पहुंचते ही आरोपी चाकू लेकर आ गया और अंधेरे का फायदा उठाकर उस पर हमला कर दिया। आदिल ने बताया कि आरोपी ने जान से मारने की नीयत से कई वार किए, लेकिन कुछ वार फिसल जाने से उसकी जान बच गई। इसी दौरान विवाद शांत कराने पहुंचे राहुल जाटव भी हमले की चपेट में आ गए और घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। - सीताराम नाटानी