क्षेत्रीय
24-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई लोकल ट्रेन में आए दिन किसी न किसी बात को लेकर हंगामा देखने को मिलता है। कभी सीट को लेकर विवाद होता है तो कभी ट्रेन पकड़ने को लेकर यात्रियों के बीच झगड़ा हो जाता है। ऐसे कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। इसी बीच अब एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल हार्बर लाइन पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) की ओर जा रही लोकल ट्रेन के महिला डिब्बे में एक युवक जबरन चढ़ गया। डिब्बे में मौजूद महिलाओं ने उसे बार-बार नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन वह उतरने को तैयार नहीं था। युवक लगातार महिलाओं से बहस करता रहा और कहता रहा कि उसे बांद्रा स्टेशन पर उतरना है। इस पर महिलाओं ने उसे बताया कि बांद्रा स्टेशन निकल चुका है, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। युवक के आक्रामक व्यवहार के कारण महिला डिब्बे में डर और तनाव का माहौल बन गया। दरवाजे के पास खड़ी महिलाएं भी घबराकर अंदर की ओर चली गईं। वहीं पास के पुरुष डिब्बे से कुछ यात्रियों ने भी युवक को नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन उसने उनकी बात भी अनसुनी कर दी। महिला यात्रियों का आरोप है कि घटना के दौरान रेलवे हेल्पलाइन नंबर 1512 और डिब्बे में लगी इमरजेंसी टॉकबैक सुविधा भी काम नहीं कर रही थी। इस वजह से महिलाएं तुरंत मदद नहीं मांग सकीं। इस घटना के बाद मुंबई लोकल में महिला सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस बीच घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन और रेलवे पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस उपनिरीक्षक अरुण कुमार और उनकी टीम ने स्टेशन परिसर, फुटओवर ब्रिज और आसपास के इलाकों में युवक की तलाश की। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, लेकिन आरोपी युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। बताया जा रहा है कि युवक अचानक गायब हो गया। फिलहाल रेलवे पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद महिला यात्रियों में भय का माहौल है। महिलाओं का कहना है कि युवक को कई बार समझाने के बावजूद उसका डिब्बे से उतरने से इनकार करना बेहद खतरनाक था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो पर अब लोग लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं और महिला सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। स्वेता/संतोष झा- २४ मई/२०२६/ईएमएस