मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वसई तालुका के कोपर फाटा इलाके में एक बेहद अजीब और हैरान कर देने वाला हादसा सामने आया है। मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेस हाईवे के लोहे के ब्रिज स्ट्रक्चर में एक तेज रफ्तार डम्पर बीच हवा में फंस गया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना के बाद मुंबई से गुजरात जाने वाले मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जानकारी के अनुसार, डम्पर चालक से गलती से हाइड्रोलिक सिस्टम का बटन दब गया। इसके चलते डम्पर का पिछला हिस्सा अचानक ऊपर उठ गया। उसी दौरान डम्पर तेज रफ्तार में था और ऊपर उठा हिस्सा सीधे कोपर फाटा स्थित मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेस हाईवे के लोहे के ब्रिज से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डम्पर सड़क और ब्रिज के लोहे के ढांचे के बीच खतरनाक तरीके से हवा में अटक गया। घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी दंग रह गए। इस हादसे के बाद मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर गुजरात की ओर जाने वाली एक लेन को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। डम्पर के बीच सड़क पर फंसे होने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। प्रशासन ने मौके पर तुरंत टीमों को भेजा और राहत कार्य शुरू किया गया। डम्पर को निकालने के लिए भारी हाइड्रोलिक क्रेन मंगाई गई है। घटनास्थल पर पुलिस, प्रशासन और तकनीकी टीम लगातार काम कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि डम्पर को सुरक्षित तरीके से हटाकर जल्द से जल्द यातायात सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल इस हादसे में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इस विचित्र दुर्घटना ने हाईवे सुरक्षा और भारी वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। संजय/संतोष झा- २४ मई/२०२६/ईएमएस