राज्य
24-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में पश्चिम रेलवे ने शनिवार को बांद्रा पूर्व स्थित गरीब नगर झुग्गी इलाके में चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के पांचवें दिन बड़ी कार्रवाई पूरी कर ली। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान के तहत करीब 500 अवैध ढांचों को हटाया गया है। अब यहां रेलवे की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने कहा कि अतिक्रमण हटाने का मुख्य काम लगभग पूरा हो चुका है और अब प्लॉट के उत्तरी हिस्से से कंक्रीट निर्माण शुरू कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाना चाहता है ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 50 से 60 प्रतिशत मलबा साफ किया जा चुका है। भारी मशीनों और बड़ी संख्या में कर्मचारियों की मदद से लगातार सफाई और निर्माण का काम जारी है। * हाईकोर्ट के आदेश पर 100 ढांचे रखे गए सुरक्षित बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार, लगभग 100 संरचनाओं को फिलहाल सुरक्षित रखा गया है। हालांकि रेलवे ने इन झोपड़ियों के ऊपर बने अतिरिक्त मंजिलों को हटाने की कार्रवाई की है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि जहां जरूरी था वहां केवल ग्राउंड फ्लोर को रखा गया, जबकि पहली से चौथी मंजिल तक के हिस्सों को तोड़ा गया। यह काम बेहद सावधानी से मैन्युअली किया गया ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो। अधिकारियों का दावा है कि यह कार्य लगभग पूरी तरह पूरा हो चुका है। * 1200 से ज्यादा कर्मचारी रहे तैनात इस बड़े अभियान में 1200 से अधिक कर्मचारियों को लगाया गया था। घनी बस्ती और संकरी गलियों के कारण कार्रवाई काफी चुनौतीपूर्ण मानी जा रही थी। अधिकारियों ने बताया कि पांच दिनों में इस जटिल अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। * लोकल ट्रेनों की भीड़ कम करने की तैयारी पश्चिम रेलवे ने साफ किया है कि खाली कराई गई जमीन का इस्तेमाल यात्री सुविधाएं बढ़ाने और रेलवे क्षमता विस्तार परियोजनाओं के लिए किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य मुंबई लोकल ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को कम करना और आने वाले मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराना है। * पांचवीं और छठी लाइन विस्तार परियोजना को मिलेगा फायदा रेलवे की योजना सांताक्रूज से मुंबई सेंट्रल कॉरिडोर के बीच पांचवीं और छठी रेलवे लाइन का विस्तार करने की है। यह लंबे समय से लंबित परियोजना मानी जा रही है, जिससे लोकल ट्रेनों की भीड़ कम होगी, रेल संचालन बेहतर होगा और मुंबई से 50 नई ट्रेनें शुरू करने में मदद मिलेगी। * बांद्रा स्टेशन परिसर को भी किया जाएगा व्यवस्थित रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस अतिरिक्त जमीन से बांद्रा उपनगरीय स्टेशन और बांद्रा टर्मिनस के बीच बेहतर कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी। साथ ही नए प्लेटफॉर्म और लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए स्टेबलिंग लाइनें भी बनाई जाएंगी। बांद्रा पूर्व स्टेशन के बाहर होने वाली अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पश्चिम रेलवे ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर काम करेगा। इसके तहत यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करना, पैदल यात्रियों के लिए अलग रास्ते बनाना और ऑटो, टैक्सी तथा बेस्ट बसों के लिए अलग पिकअप-ड्रॉप ज़ोन तैयार किए जाएंगे, ताकि यात्रियों को चौबीसों घंटे सुरक्षित आवागमन मिल सके। संजय/संतोष झा- २४ मई/२०२६/ईएमएस