क्षेत्रीय
24-May-2026


कल्याण, (ईएमएस)। कल्याण से सटे टिटवाला इलाके में पत्नी की हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चरित्र पर शक को लेकर हुए घरेलू विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की जान ले ली। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पति सतीश वाघे और उसकी पत्नी सारिका उर्फ रुक्सार वाघे के बीच पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि सतीश अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। रविवार सुबह दोनों के बीच एक बार फिर तीखा विवाद हुआ। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सतीश वाघे ने घर में रखे हंडे से पत्नी के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। हमले में सारिका उर्फ रुक्सार गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार के लोग उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही टिटवाला पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सतीश वाघे को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली शक और घरेलू विवाद के कारण एक महिला की जान चली गई, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। संतोष झा- २४ मई/२०२६/ईएमएस