क्षेत्रीय
24-May-2026
...


जबलपुर (ईएमएस)। धनवंतरी नगर क्षेत्र में 22 मई की दरम्यानी रात हुई सुरेंद्र उर्फ “चिंगम” प्रधान की हत्या के मामले में उचित कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने शनिवार को धनवंतरी नगर चौकी का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन में शामिल परिजनों और समाजसेवियों ने आरोप लगाया कि हत्या की घटना सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई है। उनका कहना था कि नामजद आरोपी आयुष अकेले इस वारदात को अंजाम नहीं दे सकता तथा मामले में अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना स्थल के साक्ष्यों से छेड़छाड़ कर परिस्थितियों को बदलने का प्रयास किया गया। मृतक के परिवार के अनुसार, घटना वाली रात सुरेंद्र उर्फ चिंगम ने अपने बड़े भाई को फोन कर बताया था कि आयुष का बड़ा भाई अभिषेक यादव उसे लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसके कुछ समय बाद ही सुरेंद्र की हत्या हो गई। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मामले को लेकर गोरखपुर सीएसपी को ज्ञापन सौंपा गया। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि मुख्य आरोपी आयुष के घर पर ताला लगा मिला तथा उसके परिवार के सदस्य फरार बताए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र में लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि आयुष का भाई पहले भी मृतक को धमकी दे चुका था। वहीं यह भी दावा किया गया कि घटना वाली रात कुछ संदिग्ध युवक सुरेंद्र को देर रात उसके निवास स्थान तक छोड़ने आए थे। धनवंतरी नगर चौकी के बाहर हुए इस प्रदर्शन में मृतक के परिजन, समाजसेवी एवं क्षेत्रीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रदर्शन में एडवोकेट आशीष ठाकुर, महेंद्र पटेल, पूर्व पार्षद राजू पटेल, पंकज, अरविंद, राजेश प्रधान, राजेश मिश्रा, मृतक के पिता देवी प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। - 24 मई 2026/ 07.00