- रातभर चली दबिश, संदिग्धों और वाहनों की भी जांच जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा शनिवार रात विशेष कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने वर्षों से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। रात 9 बजे से तड़के 2 बजे तक चली इस मुहिम में 234 वारंट तामील किए गए। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 121 गैर म्यादी वारंट, 61 गिरफ्तारी वारंट और 52 जमानती वारंट तामील किए। इस तरह से कुल 234 वारंटी जो लंबे समय से फरार चल रहे थे उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी हुई जांच... कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस ने सक्रिय बदमाशों की निगरानी करते हुए देर रात घूमने वाले लोगों से पूछताछ की। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। - 24 मई 2026/ 07.00