- रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं महंगी होने की आशंका मुंबई, (ईएमएस)। मुंबईवासियों को अब पेट्रोल और डीजल खरीदने के लिए अपनी जेब और ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले आठ दिनों में पेट्रोल-डीजल के दामों में करीब 4 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, वहीं अब एक बार फिर कीमतों में इजाफा हुआ है। अब मुंबई में पेट्रोल की कीमत 107.6 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 108.5 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल की कीमत 94.1 रुपये से बढ़कर 95 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। लगातार बढ़ रहे दामों का सीधा असर आम जनता की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने लगा है। तेल विपणन कंपनियों के सूत्रों के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी मौजूदा संकट के कारण कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और सप्लाई पर असर पड़ने से ईंधन विक्रेताओं पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है। इसी नुकसान की भरपाई के लिए पेट्रोल पंपों पर ईंधन के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। मालूम हो कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा। डीजल महंगा होने से मालवाहतूक और लॉजिस्टिक्स सेक्टर पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा, जिससे रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं भी महंगी हो सकती हैं। जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ने की आशंका है, जिसका सीधा असर आम लोगों के बजट पर पड़ेगा। ऐसे में आम नागरिकों की चिंता और बढ़ गई है। स्वेता/संतोष झा- २४ मई/२०२६/ईएमएस